सरोजनीनगर बना जनसेवा और जनविश्वास का मॉडल, डॉ. राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में नई पहचान
लखनऊ, 28 अप्रैल। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र आज जनसेवा, जनविश्वास और सहभागिता का एक सफल मॉडल बनकर उभरा है। विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में यहां विकास केवल सड़कों और भवनों तक सीमित नहीं, बल्कि लोगों के जीवन, सम्मान और आत्मविश्वास से जुड़ चुका है।
सरोजनीनगर अब एक ऐसे परिवार के रूप में पहचाना जा रहा है, जहां हर व्यक्ति की चिंता, हर घर की गरिमा और हर जीवन की उम्मीद विकास की मुख्य धुरी है। यहां जनसेवा केवल एक सरकारी कार्य नहीं, बल्कि एक सतत सामाजिक भावना बन चुकी है।
तारा शक्ति रसोई के माध्यम से प्रतिदिन 4000 से अधिक जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। लोकबंधु अस्पताल के बाहर जरूरतमंदों को सम्मानपूर्वक भोजन परोसने की यह पहल न केवल भूख मिटा रही है, बल्कि लोगों में अपनत्व और विश्वास भी जगा रही है।
तारा शक्ति केंद्रों में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया जा रहा है। यहां 30 हजार से अधिक पर्यावरण मित्र बैग, 50 हजार से अधिक भाजपा ध्वज और 40 हजार से अधिक तिरंगे तैयार किए जा चुके हैं। यह पहल महिलाओं के आत्मविश्वास, सम्मान और रोजगार का मजबूत आधार बन रही है।
रणबहादुर सिंह युवा डिजिटल केंद्रों के जरिए युवाओं को डिजिटल प्रशिक्षण देकर समाजसेवा और रोजगार से जोड़ा जा रहा है। 1000 से अधिक युवा प्रशिक्षित हो चुके हैं, जबकि 8000 से अधिक नागरिकों को आयुष्मान कार्ड, पेंशन और अन्य सेवाओं का लाभ मिल चुका है।
‘आपका विधायक आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत 165 सप्ताहों से लगातार गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं सुनी जा रही हैं और मौके पर समाधान किया जा रहा है। इस दौरान 1700 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया तथा सैकड़ों परिवारों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई गईं।
‘श्री राम रथ श्रवण यात्रा’ के माध्यम से पिछले तीन वर्षों में 5000 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को अयोध्या धाम के दर्शन का अवसर मिला। यह पहल बुजुर्गों के लिए भावनात्मक और आध्यात्मिक संतोष का माध्यम बनी है।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि सरोजनीनगर की सबसे बड़ी ताकत उसकी जनता है। यहां योजनाएं कागजों से नहीं, बल्कि लोगों के दिलों से संचालित होती हैं। कार्यकर्ताओं का समर्पण, मातृशक्ति की ऊर्जा और बुजुर्गों का आशीर्वाद मिलकर इस क्षेत्र को एक जनआंदोलन का स्वरूप दे रहे हैं।