पी.एस टेट में महंत राम प्रकाश दास राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ा की छात्राओं ने लहराया सफलता का परचम
तलवाड़ा-होशियारपुर, 28 अप्रैल ( अर्श ) : महंत राम प्रकाश दास राजकीय महाविद्यालय, तलवाड़ा के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा का उत्कृष्ट परिचय देते हुए संस्थान का नाम गौरवान्वित किया है। शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल कर रहा महाविद्यालय अब प्रतियोगी परीक्षाओं में भी अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। इसी कड़ी में महाविद्यालय की छात्राओं ने पंजाब स्टेट टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट ( पी.एस टेट ) में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर कॉलेज तथा अपने अभिभावकों का नाम रोशन किया है।
महाविद्यालय की पी.जी.डी.सी.ए द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा सिमरन सुपुत्री श्री सुरेश कुमार तथा एम.ए पंजाबी सेमेस्टर चतुर्थ की छात्राएं अंजली सुपुत्री श्री वज़ीर सिंह और जैस्मीन कौर सुपुत्री श्री हरकिरन सिंह ने पी.एस टेट परीक्षा उत्तीर्ण कर अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत का शानदार प्रदर्शन किया है। छात्राओं की इस उपलब्धि से पूरे महाविद्यालय में खुशी और उत्साह का माहौल है।
कॉलेज रजिस्ट्रार प्रो. अजय कुमार अर्श ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी निरंतर मेहनत, आत्मविश्वास और अनुशासित अध्ययन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में इस प्रकार की परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करना आसान नहीं है, लेकिन महाविद्यालय के विद्यार्थी लगातार अपनी प्रतिभा का परिचय देकर नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि छात्राओं की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का कार्य करेगी और उन्हें भी प्रतियोगी परीक्षाओं की ओर प्रोत्साहित करेगी।
महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राजीव खोसला ने सफल छात्राओं को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि संस्थान विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक शिक्षा ही नहीं, बल्कि प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगारोन्मुखी अवसरों के लिए भी तैयार करने के उद्देश्य से निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, अनुभवी अध्यापकों का मार्गदर्शन तथा सकारात्मक प्रेरणा प्रदान की जाती है, जिसके परिणामस्वरूप विद्यार्थी विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त कर रहे हैं।
डॉ. खोसला ने कहा कि पी.एस टेट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में सफलता प्राप्त करना छात्राओं की प्रतिबद्धता और दृढ़ इच्छाशक्ति को दर्शाता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि ये छात्राएं भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करती रहेंगी और शिक्षण क्षेत्र में अपनी विशेष पहचान बनाएंगी।
इस अवसर पर महाविद्यालय के अध्यापकों एवं स्टाफ सदस्यों ने भी छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। छात्राओं के अभिभावकों ने भी अपनी बेटियों की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की तथा महाविद्यालय प्रशासन और अध्यापकों का आभार जताया, जिनके मार्गदर्शन और सहयोग से यह उपलब्धि संभव हो सकी।
महाविद्यालय परिवार ने सभी सफल छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे भविष्य में भी इसी प्रकार सफलता की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर संस्थान, समाज और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी ...
अजय कुमार अर्श
एम.आर.पी.डी राजकीय महाविद्यालय, तलवाड़ा की मेधावी छात्राएं ...