चंदौली। लहूलुहान हालत में थाने पहुंची महिला, सास-ससुर पर जानलेवा हमले का आरोप।
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के पूरा कैथी गांव में पारिवारिक विवाद के बीच एक महिला के साथ मारपीट और लूट का मामला सामने आया है। पीड़िता प्राची देवी (28) ने आरोप लगाया है कि मंगलवार सुबह सास-ससुर ने उसे घर में अकेला पाकर बुरी तरह पीटा, कपड़े फाड़ दिए और सोने की अंगूठी छीन ली। किसी तरह जान बचाकर वह चिल्लाते हुए गांव की ओर भागी, जहां ग्रामीणों ने उसे बचाया।
पीड़िता के पति हरिकेश तिवारी के अनुसार, उन्होंने जुलाई 2024 में प्रेम विवाह किया था, जिसके बाद पारिवारिक विवाद चल रहा था। दोनों कुछ समय दिल्ली में रहकर पूजा सामग्री का काम कर रहे थे और हाल ही में गांव लौटे थे। आरोप है कि परिवार पहले ही उनके हिस्से की जमीन बेच चुका है और लगातार विवाद कर रहा था।
घटना के समय पति फैक्ट्री पर था और महिला घर पर अकेली थी। इसी दौरान कथित तौर पर उस पर हमला किया गया। सूचना मिलने पर पति मौके पर पहुंचा और दोनों थाने पहुंचे, जहां पुलिस को तहरीर दी गई।
बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और आरोपों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।