कुचनमन स्टेशन के पास दर्दनाक हादसा: रेल पटरी के स्लीपर से टकराई बाइक, युवक की मौत, एक गंभीर घायल।
चंदौली। जनपद के सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेंदूपुर गांव निवासी 19 वर्षीय विशाल राजभर अपने मित्र विष्णु सोनकर के साथ रात करीब 9 बजे एक निमंत्रण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुगलसराय की ओर जा रहा था।
जैसे ही उनकी बाइक कुचनमन रेलवे स्टेशन के पास एक मोड़ पर पहुंची, अचानक असंतुलित हो गई और रेल पटरी के स्लीपर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को तत्काल सकलडीहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने विशाल राजभर को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसका साथी विष्णु सोनकर की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सकलडीहा कोतवाल भूपेंद्र निषाद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।