विद्यालय के प्रांगन में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित; नशे की लत जीवन को नष्ट कर देती है: थाना प्रभारी
केतार (गढ़वा): प्रखंड मुख्यालय स्थित लोहिया समता उच्च विद्यालय के प्रांगण में सोमवार को नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) सावित्री कुमारी और थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी शामिल हुए, जिन्होंने छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
नशा एक 'स्लो पॉइजन' है: बीडीओ
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी सावित्री कुमारी ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी भारी संख्या में नशे की गिरफ्त में जा रही है। उन्होंने नशे को एक भयानक और 'स्लो पॉइजन' (धीमा जहर) बताते हुए कहा कि इससे न केवल कैंसर और पीलिया जैसी घातक बीमारियां होती हैं, बल्कि व्यक्ति अपना सब कुछ दांव पर लगाकर अपनी जिंदगी बर्बाद कर लेता है। उन्होंने छात्रों को अपने पूरे जीवनकाल में नशा और धूम्रपान से दूर रहने की सलाह दी।
सामाजिक और पारिवारिक बोझ बनता है नशा: थाना प्रभारी
थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि नशे की लत पूरे जीवन को समूल नष्ट कर देती है। उन्होंने बताया कि नशे का आदी व्यक्ति न केवल अपने परिवार के लिए बल्कि समाज के लिए भी बोझ बन जाता है। नशे की लत के कारण व्यक्ति घर में झगड़े करता है और नशे की पूर्ति के लिए जमीन-जायदाद तक बेच देता है।
छात्रों से अपील
अधिकारियों ने मध्य और उच्च विद्यालय के छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करें और मेहनत के बल पर जीवन में आगे बढ़ें। उन्होंने युवाओं से खुद को और अपने परिवार के सदस्यों को भी इस सामाजिक बुराई से दूर रखने का प्रयास करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।