logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक, NEET (UG)-2026 परीक्षा को लेकर तैयारियों का लिया गया जायजा



समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त श्री राजीव रंजन की अध्यक्षता में 03 मई 2026 को आयोजित होने वाली NEET (UG)-2026 परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में प्रशासन, पुलिस, परिवहन, स्वास्थ्य, शिक्षा, जनसंपर्क एवं विद्युत विभाग के पदाधिकारियों के साथ-साथ विभिन्न परीक्षा केंद्रों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान परीक्षा से संबंधित सभी तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।

जानकारी दी गई कि जिले में कुल 6 शिक्षण संस्थानों में 8 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 4231 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शुरू होगी। परीक्षार्थियों को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी, इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

परीक्षा केंद्र निम्नलिखित संस्थानों में बनाए गए हैं—
लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल कॉलेज, करनडीह
को-ऑपरेटिव कॉलेज
वीमेन्स यूनिवर्सिटी, जमशेदपुर
द ग्रेजुएट कॉलेज फॉर वीमेन्स
राजकीय आदिवासी हाई स्कूल, सीतारामडेरा
एलबीएसएम कॉलेज, गोलमुरी

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुदृढ़ क्राउड मैनेजमेंट, शहर में सुगम यातायात व्यवस्था एवं पर्याप्त सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। प्रमुख चौक-चौराहों एवं परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था बनाए रखने हेतु मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।

सभी केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच (फ्रिस्किंग) की जाएगी तथा परीक्षा प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी सुनिश्चित की जाएगी। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि एनटीए के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए केवल सरकारी कर्मियों को ही इनविजिलेटर के रूप में नियुक्त किया जाए।

इसके अलावा, परीक्षा से एक दिन पूर्व सभी परीक्षा केंद्रों को सैनिटाइज कर सील करने, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूर्ण करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी गई।

बैठक में सिटी एसपी, एसडीएम धालभूम, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, डीटीओ, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, डीआईओ, डीएसपी मुख्यालय, डीएसपी ट्रैफिक, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता एवं संबंधित कॉलेज प्रबंधन के प्रतिनिधि सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

रिपोर्ट: आनंद किशोर
बिहार-झारखंड न्यूज़ नेटवर्क

4
36 views

Comment