सरकारी योजनाओ में सेंधमारी करने वाला साइबर गिरोह बेनक़ाब, तीन गिरफ्तार
बिहार (वैशाली)- जिले में साइबर अपराध के एक बड़े गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। यह गिरोह नकली आधार कार्ड बनाने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं में सेंधमारी कर रहा था, जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा पर भी खतरा उत्पन्न हो रहा था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामान बरामद किया है।पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर बेलसर थाना क्षेत्र के बीबीपुर चौक स्थित एयरटेल पेमेंट बैंक के एक आउटलेट पर छापेमारी की गई। इस दौरान मौके से तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान मिनी एटीएम मशीन, फिंगरप्रिंट स्कैनर, क्लोन किए गए फिंगरप्रिंट, 30 से अधिक आधार कार्ड, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, लैपटॉप, कैमरा, बायोमेट्रिक उपकरण समेत कई सामान बरामद किए गए।पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग ने बताया कि गिरोह का संचालन सीएसपी की आड़ में किया जा रहा था। इस गिरोह का मास्टरमाइंड मुजफ्फरपुर निवासी धर्मेंद्र पंडित है, जो लंबे समय से इस अवैध गतिविधि को अंजाम दे रहा था। उन्होंने बताया कि धर्मेंद्र ने गिरफ्तार दोनों अन्य युवकों को विशेष प्रशिक्षण दिया था, जिसके माध्यम से वे लोगों के फिंगरप्रिंट क्लोन कर नकली आधार कार्ड तैयार करते थे और उन्हें देश के विभिन्न राज्यों में सप्लाई करते थे एसपी ने बताया कि बरामद उपकरणों की जांच की जा रही है और गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है। पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।