logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

मैनपुरी में लाठी-डंडे, सरिया और फावड़े से हमला, कार तोड़ी, कई घायल

मैनपुरी के एलाऊ थाना क्षेत्र के मंछना गांव में बच्चों के मामूली विवाद ने कथित तौर पर जातीय हिंसा का रूप ले लिया। इस घटना में एक ही परिवार के कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाने में दी गई तहरीर के अनुसार, गांव के महेंद्र सिंह जाटव ने आरोप लगाया है कि बुधवार शाम करीब 5:30 बजे 10 नामजद और 5 अज्ञात लोग लाठी-डंडे, सरिया और फावड़े के बेंट लेकर उनके घर पहुंचे। हमलावरों ने जातिसूचक गालियां देते हुए मारपीट शुरू कर दी।
महेंद्र सिंह के मुताबिक, हमलावरों ने उनके साथ-साथ उनकी नानी रेशमा देवी, मामी संगीता देवी और ममेरे भाइयों अमित कुमार व रामू को भी पीटा, जिससे वे सभी घायल हो गए।
आरोप है कि हमलावरों ने घर के बाहर खड़ी स्विफ्ट डिजायर कार में भी तोड़फोड़ की। जब मोहल्ले के अन्य लोग बचाव में आए, तो उनके साथ भी मारपीट की गई। जितेंद्र और राकेश के घरों में घुसकर हमला किया गया, और बचाने आईं महिलाओं बसंती, संध्या तथा काजल को भी पीटा गया।
पीड़ित महेंद्र सिंह ने बताया कि हमलावर जातिसूचक टिप्पणियां करते हुए गांव छोड़ने और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। महेंद्र सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी प्रभावशाली और दबंग प्रवृत्ति के हैं, जिससे उनका परिवार दहशत में है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। तहरीर के आधार पर आरोपों की पड़ताल की जा रही है और जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है, जिस पर पुलिस लगातार नजर रख रही है।

0
178 views

Comment