logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

मैहर से गूंजा गौ संरक्षण का मुद्दा: प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, मुख्यमंत्री व राज्यपाल को ज्ञापन, निकली विशाल जागरूकता रैली गोमाता को राष्ट्रीय सम्मान


पत्रकार – खेमचन्द कुशवाहा
मैहर, 27 अप्रैल 2026:
मैहर से “गौ सम्मान आवाहन अभियान” के तहत गौवंश संरक्षण को लेकर एक व्यापक और संगठित पहल देखने को मिली है। इस अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर गौवंश की सुरक्षा, सेवा और सम्मान के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की गई है।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से देशभर में देसी गौवंश की रक्षा के लिए सख्त केंद्रीय कानून बनाने, केंद्र स्तर पर “गो पालन मंत्रालय” स्थापित करने तथा गोमाता को “राष्ट्रीय सम्मान” या “राष्ट्रीय धरोहर” घोषित करने की अपील की गई है। वहीं राज्य स्तर पर गोवंश को “राज्यमाता” का दर्जा देने और गो-आधारित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने की मांग भी उठाई गई है।
अभियान के तहत मध्य प्रदेश के राज्यपाल के नाम एक विस्तृत प्रार्थना पत्र भी सौंपा गया, जिसमें गौवंश के संरक्षण, संवर्धन और सुरक्षा के लिए कठोर कानून बनाने, गौहत्या व अवैध परिवहन पर सख्त रोक लगाने तथा उनके उचित पालन-पोषण की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
ज्ञापन में बताया गया है कि वर्तमान समय में देश और प्रदेश में गौवंश की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। शहरों और गांवों में बड़ी संख्या में गायें सड़कों पर भटकती नजर आती हैं, जिससे उनकी सुरक्षा खतरे में है और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना भी लगातार बढ़ रही है। इसे भारतीय संस्कृति और सामाजिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय बताया गया है।
अभियान से जुड़े लोगों का कहना है कि गौवंश न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ और प्राकृतिक खेती का महत्वपूर्ण आधार भी है। यदि सरकार इस दिशा में ठोस कदम उठाती है, तो इससे किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और भारतीय संस्कृति को मजबूती मिलेगी।
इसी कड़ी में मैहर शहर में युवाओं द्वारा “गौ सम्मान आवाहन यात्रा” निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। हाथों में बैनर लेकर लोगों ने “गौ रक्षा ही देश रक्षा है” जैसे नारों के साथ शहर के प्रमुख मार्गों पर रैली निकालकर आमजन को जागरूक किया।
यात्रा के दौरान लोगों से गौ सेवा और संरक्षण में सहयोग करने की अपील की गई। इस अभियान के माध्यम से समाज को जागरूक करने और शासन-प्रशासन का ध्यान इस गंभीर विषय की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया जा रहा है।
अभियान के आयोजकों ने कहा कि यह पहल आने वाले समय में और व्यापक रूप लेगी। रैली में शामिल लोगों ने संकल्प लिया कि वे गौ संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे और समाज में जागरूकता फैलाते रहेंगे।

0
0 views

Comment