logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

कृषि आदान व्यापारियों ने समस्याओं के निराकरण को लेकर सौंपा ज्ञापन

कृषि आदान व्यापारियों ने समस्याओं के निराकरण को लेकर सौंपा ज्ञापन, एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल पर रहे व्यापारी
कैलारस, 27 अप्रैल 2026। कृषि आदान विक्रेता संघ कैलारस जिला मुरैना के तत्वावधान में खाद, बीज एवं कीटनाशक व्यापारियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर सोमवार को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री मोहन यादव के नाम अनुविभागीय अधिकारी सबलगढ़ एवं तहसीलदार कैलारस को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान व्यापारियों ने ऑल इंडिया इनपुट डीलर्स एसोसिएशन (AIDA) नई दिल्ली के आह्वान पर एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल भी की।
व्यापारियों ने ज्ञापन में बताया कि देशभर के लगभग 5 लाख खाद, बीज एवं कीटनाशक विक्रेताओं का प्रतिनिधित्व करने वाला संगठन पिछले 10 वर्षों से लगातार अपनी समस्याओं के समाधान के लिए शासन एवं प्रशासन से मांग करता आ रहा है, लेकिन अब तक समस्याओं का निराकरण नहीं हो सका है। इसी के चलते पूरे देश के कृषि आदान व्यापारी एकजुट होकर सांकेतिक हड़ताल कर रहे हैं।
ज्ञापन में प्रमुख मांगों में उर्वरक कंपनियों द्वारा सब्सिडी खाद के साथ अनुपयोगी दवाओं की जबरन लिंकिंग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, खाद की डिलीवरी रिटेलर के गोदाम तक FOR व्यवस्था के तहत कराने तथा डीलर मार्जिन को बढ़ाकर न्यूनतम 8 प्रतिशत किए जाने की मांग शामिल रही।
इसके साथ ही व्यापारियों ने अवैध HBT बीजों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने, सीलबंद पैकिंग में नमूना फेल होने पर विक्रेता को दोषी न मानते हुए केवल गवाह माना जाने तथा गुणवत्ता की संपूर्ण जिम्मेदारी निर्माता कंपनी पर तय किए जाने की मांग भी उठाई।
व्यापारियों ने एक्सपायरी कीटनाशकों को वापस लेने की कानूनी बाध्यता तय करने, ई-टोकन प्रणाली को दोषपूर्ण बताते हुए स्थगित करने तथा खाद, बीज एवं कीटनाशक लाइसेंस संबंधी नियमों को सरल बनाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि हर वर्ष पी.सी. जोड़ने की अनिवार्यता समाप्त की जाए और लाइसेंस अवधि को बढ़ाया जाए।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि आगामी एक माह के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो खरीफ सीजन से पूर्व कृषि आदान व्यापारी अनिश्चितकालीन हड़ताल करने को मजबूर होंगे, जिससे किसानों एवं कृषि उत्पादन पर व्यापक असर पड़ सकता है।
अंत में व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित मंत्रालयों एवं अधिकारियों तक पहुंचाकर शीघ्र समाधान कराया जाए। ज्ञापन देने वाले में अध्यक्ष ध्रुव सिंह सिकरवार उपाध्यक्ष महेश पटेल कालीचरण त्यागी रामवीर धाकड़ सचिन अंकुर अग्रवाल कोषाध्यक्ष विजय बंसल सूचना मंत्री मंटू लाल गर्ग संरक्षक दर्शन लाल मंगल एवं दिनेश गोयल आदि लोग शामिल रहे

12
344 views

Comment