कबरा कला सोन नदी घाट पर नाविकों की मनमानी का आरोप, अधिवक्ता पांडेय ने उठाए गंभीर सवाल
कबरा कला सोन नदी घाट पर नाविकों की मनमानी का आरोप, अधिवक्ता पांडेय ने उठाए गंभीर सवाल
किराया सूची गायब, सुरक्षा मानकों की अनदेखी, बिना लाइसेंस-सर्टिफिकेट नाव संचालन का दावा
हैदरनगर/पलामू: हैदरनगर थाना क्षेत्र के कबरा कला स्थित सोन नदी घाट पर नाव संचालन में भारी अनियमितता और मनमानी का मामला सामने आया है। अधिवक्ता चित्तरंजन पांडेय एवं समाजसेवी बिनोद पांडेय ने नाविकों पर यात्रियों से मनमाना किराया वसूलने, महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करने तथा सुरक्षा नियमों की खुलेआम अनदेखी करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने इस संबंध में जन सूचना अधिकार के तहत संबंधित विभागों से जानकारी मांगे जाने का दावा भी किया है।
आरोपों के अनुसार घाट पर नावों में किराया सूची प्रदर्शित नहीं की गई है, जिससे यात्रियों से मनमाने तरीके से अधिक किराया वसूला जा रहा है। विरोध करने पर नाविकों द्वारा गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट की धमकी दिए जाने की शिकायत है। यात्रियों को किराया लेने के बाद रसीद भी नहीं दी जाती।उन्होंने आरोप लगाया कि घाट पर नावों का संचालन अप्रशिक्षित व्यक्तियों द्वारा डीजल पंप के सहारे असुरक्षित तरीके से किया जा रहा है, जबकि नावों पर लाइफ जैकेट व अन्य सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं हैं। नाव में पानी रिसने के कारण महिलाओं को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उन्हें चढ़ने-उतरने के दौरान शर्मिंदगी उठानी पड़ती है।
अधिवक्ता पांडेय ने कहा कि नियमों के मुताबिक बिना सर्वेक्षण प्रमाणपत्र, पंजीकरण और प्रशिक्षित नाविक के लाइसेंस के नाव संचालन गैर-कानूनी है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई नहीं की तो सोन नदी घाट पर कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।उन्होंने जिला प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर अवैध नाव संचालन बंद कराने, दोषियों पर कार्रवाई करने और घाट पर सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।