सगी छोटी बहन की चाकू से गोद कर हत्या। मुरादाबाद में रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना।
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। जिले के कुंदरकी थाना इलाके के ग्राम फरेदी खुर्द में कलयुगी भाई ने मामूली कहासुनी के बाद अपनी ही सगी छोटी बहन की चाकू से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी । हत्या की यह घटना उस वक्त हुई जब परिवार के अन्य सदस्य एक सगाई समारोह में शामिल होने के लिए मझोला थाना क्षेत्र के मीरपुर गए हुए थे और घर पर केवल भाई-बहन मौजूद थे।
फरेदी निवासी भारत सिंह अपनी पत्नी कुसुम और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मझोला क्षेत्र के मीरापुर में अपनी बहन की बेटी की सगाई में शामिल होने गए थे। घर में उनका बेटा विक्की और नाबालिग बेटी रीता ही मौजूद थी। देर रात जब परिवार सगाई समारोह से वापस लौटा तो घर का नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए।आंगन में रीता का खून से लथपथ शव पड़ा था। उसकी गला रेतकर हत्या की गई थी। इसे देख परिजनों में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। घर की छत पर विक्की सोता हुआ मिला। उसके कपड़ों पर खून के छींटे लगे थे, जिससे शक और गहरा गया। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। शक के आधार पर विक्की को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। शुरुआत में उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और हत्या से इनकार करता रहा। जब उससे कड़ाई से पूछताछ की गई तो वह टूट गया और उसने बहन की हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी भाई विक्की को गिरफ्तार कर लिया है, जिसके पास से हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया गया है. एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह के बातया प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मानसिक रूप से कुछ परेशान रहता था और घटना के समय दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. भाई के द्वारा बहन की हत्या के मामले में मृतक के परिवार वालों में कोहराम मच गया है.
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। इस घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग इस खौफनाक वारदात को लेकर स्तब्ध हैं।