दिव्यांगजनों के अधिकार और सुविधाओं की जानकारी देने 28 अप्रैल को जागरूकता शिविर
दिव्यांगजनों के अधिकार और सुविधाओं की जानकारी देने 28 अप्रैल को जागरूकता शिविर
अवाड़पुरा शासकीय हाईस्कूल में लगेगा यह शिविर
अवाड़पुरा स्थित शासकीय हाईस्कूल में 28 अप्रैल को प्रात: 9 बजे से दिव्यांग जागरूकता शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का आयोजन राज्य शासन के सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा सेवा भारती मध्यभारत प्रांत के सहयोग से जेएएच परिसर में संचालित जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र द्वारा किया जा रहा है। शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों एवं आमजन को दिव्यांगता के प्रकार, अधिकारों, सुविधाओं और पुनर्वास सेवाओं के प्रति जागरूक करना है।
जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार आमतौर पर लोगों को 5 से 7 प्रकार की दिव्यांगताओं की ही जानकारी होती है, जबकि दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 के तहत 21 प्रकार की दिव्यांगताएं मान्य हैं। इन सभी प्रकार की दिव्यांगताओं की जानकारी से समाज में दिव्यांगजनों के लिए अनुकूल, सुगम और समावेशी वातावरण तैयार किया जा सकता है। शिविर में सभी प्रकार की दिव्यांगताओं के बारे में बताया जायेगा। समय पर उचित परामर्श, प्रशिक्षण और मार्गदर्शन मिलने से दिव्यांगजनों का प्रभावी पुनर्वास संभव है।
अवाड़पुरा में आयोजित होने जा रहे शिविर के माध्यम से आमजन को दिव्यांग केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक पात्र दिव्यांगजन इन सेवाओं का लाभ ले सकें।
जागरूकता शिविर के उदघाटन सत्र में रेडक्रॉस सोसायटी, ग्वालियर के सचिव श्री नवल किशोर शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। आयोजकों ने क्षेत्र के दिव्यांगजनों, उनके परिजनों एवं नागरिकों से शिविर में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र में दिव्यांगजनों के लिये यह सुविधायें उपलब्ध
जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र में प्रतिदिन मानसिक दिव्यांगजनों के लिए थेरेपी, परामर्श एवं विशेष शिक्षण की सुविधा उपलब्ध है। साथ ही अस्थिबाधित दिव्यांगजनों के लिए सहायक उपकरण और कृत्रिम अंगों के चयन एवं प्रदाय की व्यवस्था भी की जाती है। केंद्र में फिजियोथैरेपी सहित अन्य सेवाएं भी उपलब्ध हैं।
प्रत्येक बुधवार को बैठता है दिव्यांग मेडीकल बोर्ड
जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र में प्रत्येक बुधवार को केंद्र में दिव्यांग मेडिकल बोर्ड आयोजित किया जाता है। बोर्ड में की गई जांचों के आधार पर दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए जाते हैं।
#gwalior
#divyangjan
CM Madhya Pradesh