logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

शादी तय होने पर ब्लैकमेलिंग से परेशान युवती ने दी जान प्रेमी पर फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी का आरोप, बिजली के खंभे पर चढ़कर छुआ हाईटेंशन तार

शाहजहांपुर। सिंधौली थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय युवती ने कथित ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। युवती ने घर के बाहर लगे बिजली के खंभे पर चढ़कर नंगे तार को छू लिया, जिससे करंट लगने से उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए, जहां सोमवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार, युवती का क्षेत्र के मूड़ा हारिस निवासी एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी बीच परिवार ने उसकी शादी दूसरी जगह तय कर दी। आरोप है कि शादी तय होने के बाद आरोपी युवक उसे लगातार फोन कर धमकी देने लगा। वह कहता था कि यदि उसने कहीं और शादी की तो उसके निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा।

मृतका के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आरोपी की धमकियों से युवती काफी डरी हुई थी और मानसिक दबाव में आ गई थी। 26 अप्रैल की शाम युवती ने अपनी मां से कपड़े फैलाने की बात कहकर घर से बाहर गई और कुछ ही देर बाद बिजली के खंभे पर चढ़कर तार पकड़ लिया।

परिजनों का यह भी आरोप है कि आरोपी के एक रिश्तेदार ने भी युवती को फोन कर जान से मारने की धमकी दी थी। परिवार ने कई बार आरोपी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना।

थाना प्रभारी रविंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है। तहरीर के आधार पर नामजद दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

2
58 views

Comment