एसपी ने पुवायां थाने का किया औचक निरीक्षण, अभिलेखों से लेकर महिला हेल्प डेस्क तक परखी व्यवस्था
शाहजहांपुर।
पुलिस अधीक्षक ने सोमवार को पुवायां थाने का औचक निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था और पुलिस कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, बैरक, शौचालय और पेयजल व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित कर्मियों को व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद एसपी ने कार्यालय अभिलेखों की जांच करते हुए अपराध रजिस्टर, जीडी, बीट बुक, हिस्ट्रीशीटर रजिस्टर, टॉप-10 अपराधियों की सूची समेत लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की। उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण, वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी और अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
महिला हेल्प डेस्क के निरीक्षण के दौरान एसपी ने महिला पुलिसकर्मियों से बातचीत कर महिलाओं से जुड़ी शिकायतों को संवेदनशीलता और गोपनीयता के साथ प्राथमिकता पर निस्तारित करने को कहा। साथ ही महिला सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान नवप्रशिक्षु पुलिसकर्मियों, खासकर महिला आरक्षियों को महिला अपराधों से जुड़े मामलों में कानूनी प्रक्रिया, काउंसलिंग और पीड़ितों के प्रति व्यवहार को लेकर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया।
एसपी ने सीसीटीएनएस कक्ष में डाटा फीडिंग और रिकॉर्ड अपडेट की स्थिति भी परखी और लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। मालखाना और शस्त्रागार के निरीक्षण में सुरक्षित रखरखाव और नियमित चेकिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बंदीगृह का भी निरीक्षण कर बंदियों की सुरक्षा और सुविधाओं का जायजा लिया गया।
इसके अलावा थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, रात्रि गश्त, बैंक और संवेदनशील स्थानों की चेकिंग तथा बीट पुलिसिंग की समीक्षा करते हुए बीट प्रभारी को क्षेत्र में सक्रिय रहने और सूचना तंत्र मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
एसपी ने पुलिसकर्मियों को अनुशासन, समयपालन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने तथा आमजन से शालीन व्यवहार बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी पुवायां भी मौजूद रहे।