logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

बांसवाड़ा में हत्या के बाद भड़की हिंसा, 40 से ज्यादा घर जलाए, पूरा इलाका बना पुलिस छावनी

बांसवाड़ा | 27 अप्रैल 2026

राजस्थान के बांसवाड़ा जिले से एक बेहद दर्दनाक और चिंताजनक खबर सामने आई है, जिसने पूरे वागड़ क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। मोटागांव थाना क्षेत्र के टामटिया गांव में एक प्रेम-प्रसंग को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद न सिर्फ एक युवक की हत्या हुई बल्कि पूरे गांव में आगजनी और हिंसा फैल गई।

प्रेम-प्रसंग बना हत्या की वजह

जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय युवक गोविंद मइड़ा की हत्या कथित तौर पर उसकी बहन के प्रेमी ने कुल्हाड़ी से कर दी। बताया जा रहा है कि मृतक ने पहले भी आरोपी युवक को अपनी बहन से दूर रहने की चेतावनी दी थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद चल रहा था, जो रविवार शाम हिंसक झड़प में बदल गया और इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया।

हत्या के बाद भड़की भीड़, घरों में लगाई आग

घटना के बाद हालात तेजी से बिगड़ गए। हत्या की खबर फैलते ही गुस्साई भीड़ ने दूसरे पक्ष के घरों पर हमला कर दिया। करीब 30 से 40 से अधिक घरों में आग लगा दी गई। कच्चे-पक्के मकान, अनाज और घरेलू सामान जलकर राख हो गए। कई जगहों पर बंधे हुए पशु भी आग की चपेट में आकर मर गए।

गांव छोड़कर भागने को मजबूर हुए लोग

हिंसा और आगजनी के बीच महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग अपनी जान बचाने के लिए रात के अंधेरे में गांव छोड़कर भागने को मजबूर हो गए। कई परिवार जंगल और सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए।

सुबह सामने आई तबाही की तस्वीर

सोमवार सुबह जब धुआं छंटा, तो गांव में सिर्फ तबाही और सन्नाटा नजर आया। जहां कभी बच्चों की आवाज गूंजती थी, वहां अब सूने आंगनों में सिर्फ बेजुबान जानवर दिखाई दे रहे हैं। जले हुए घर, टूटी चीजें और राख का ढेर इस भयावह घटना की गवाही दे रहे हैं।

पुलिस और फायर ब्रिगेड को भी रोका गया

स्थिति इतनी तनावपूर्ण थी कि गुस्साई भीड़ ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को भी मौके पर पहुंचने से रोक दिया। पत्थरबाजी की गई, जिससे आग बुझाने में देरी हुई और नुकसान और बढ़ गया।

भारी पुलिस बल तैनात, कई आरोपी हिरासत में

घटना के बाद पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
एसपी सुधीर जोशी के नेतृत्व में मोटागांव, लोहारिया, खमेरा, गढ़ी और घाटोल थानों की पुलिस के साथ रिजर्व पुलिस लाइन से भी भारी बल तैनात किया गया है।

पुलिस ने अब तक 3 आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि करीब 5 लोगों को नामजद किया गया है। फिलहाल स्थिति को नियंत्रण में बताया जा रहा है।

शांत वागड़ में बढ़ती घटनाएं चिंता का विषय

वागड़ क्षेत्र को हमेशा शांति और भाईचारे के लिए जाना जाता रहा है, लेकिन हाल के दिनों में इस तरह की घटनाओं ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर इस शांत इलाके में हिंसक घटनाएं क्यों बढ़ रही हैं, यह प्रशासन और समाज दोनों के लिए चिंता का विषय बन गया है।

जांच जारी

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।

0
0 views

Comment