logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

मांगों को लेकर कछौना में खाद-बीज व्यापारियों का प्रदर्शन, बाजार रहा बंद

कछौना (हरदोई) 27 अप्रैल 2026 देशव्यापी आह्वान के तहत आज कछौना कस्बे में खाद, बीज एवं कीटनाशक विक्रेताओं की हड़ताल का व्यापक असर देखने को मिला। पूरे कस्बे में कृषि आदान की सभी दुकानें पूर्णतः बंद रहीं, जिससे बाजार में सन्नाटा पसरा रहा।

हड़ताल के समर्थन में मौर्या बीज भंडार, कुशवाहा बीज भंडार, न्यू कुशवाहा बीज भंडार, आकाश फर्टिलाइजर, किसान सेवा केंद्र समेत कस्बे की सभी दुकानों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। सभी दुकानदार भाइयों ने एकजुटता दिखाते हुए इस हड़ताल का पूर्ण समर्थन किया और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया।

विक्रेताओं ने बताया कि उनकी प्रमुख मांगों में उर्वरक (खाद) पर डीलर मार्जिन बढ़ाकर कम से कम 8 प्रतिशत किया जाना, खाद की सप्लाई को सीधे दुकानों तक पहुंचाने हेतु FOR व्यवस्था लागू करना, बीज व कीटनाशक के सैंपल फेल होने पर दुकानदारों के बजाय संबंधित कंपनी को जिम्मेदार ठहराना शामिल है।

इसके साथ ही ‘साथी’ (SATHI) पोर्टल को सरल या वैकल्पिक बनाने, कंपनियों द्वारा उर्वरकों के साथ अन्य उत्पादों की जबरन टैगिंग पर रोक लगाने, ई-टोकन/ऑनलाइन व्यवस्था को आसान बनाने तथा अनावश्यक निरीक्षण प्रक्रिया (इंस्पेक्टर राज) को समाप्त करने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।

हड़ताल के चलते किसानों को खाद, बीज एवं कीटनाशक की खरीद में असुविधा का सामना करना पड़ा। हालांकि व्यापारियों का कहना है कि यह आंदोलन किसानों के हित में भी है, क्योंकि मांगें पूरी होने पर कृषि आदान की आपूर्ति व्यवस्था और अधिक सुगम एवं पारदर्शी होगी।

विक्रेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार द्वारा उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो भविष्य में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

रिपोर्ट :- शाक्य आशीष सिंह मौर्य (न्यूज़ रिपोर्टर)

9
1236 views

Comment