logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

चियोग को बड़ी सौगात: 5.50 करोड़ से स्कूल भवन, 16 करोड़ का 66 केवी सब-स्टेशन; सीबीएसई स्कूल की घोषणा

देवेश आर्य : मण्डी हिमाचल प्रदेश ।
शिमला, 27 अप्रैल 2026:
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिमला ज़िला के कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के चियोग में विकास की कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल, चियोग के नए भवन के निर्माण के लिए 5.50 करोड़ रुपये देने और अगले वर्ष से यहां सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में बिजली समस्या के समाधान हेतु 66 केवी सब-स्टेशन के निर्माण के लिए 16 करोड़ रुपये स्वीकृत किए, जिसे एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा एफआरए के तहत स्वीकृत विभिन्न सड़कों—बंगापानी-चडैल, चियोग-जठाई, धलैऊ-जनुनाला, चियोग-मेहाना, धलैऊ-धार, फागू-सरिवन और जुब्बड़-कढरब—के लिए पर्याप्त धन उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया गया।

उन्होंने धरेच सिंचाई परियोजना के लिए भी धन देने की घोषणा की और कहा कि ग्रीन पंचायतें ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएंगी। धरेच में स्थापित 500 किलोवाट सौर ऊर्जा संयंत्र का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि इससे पंचायत को प्रतिवर्ष लगभग 14 लाख रुपये की आय होगी।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में शिक्षा क्षेत्र में सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम शुरू किया गया है और अब हिमाचल शिक्षा के क्षेत्र में देश में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 151 सीबीएसई स्कूल खोले जा रहे हैं और 30 जून तक सभी स्कूलों में आवश्यक अध्यापकों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी।

राजनीतिक टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा केवल विरोध की राजनीति करती है, लेकिन वर्तमान सरकार विकास के कार्यों से पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने पिछली सरकार पर आर्थिक कुप्रबंधन के आरोप भी लगाए।

स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधारों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि प्रदेश के चार मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी शुरू की जा चुकी है और पुरानी मशीनों को आधुनिक उपकरणों से बदला जा रहा है।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मण्डी मध्यस्थता योजना के तहत 110 करोड़ रुपये का सेब खरीदा गया है। साथ ही दूध के समर्थन मूल्य में वृद्धि कर गाय का दूध 61 रुपये और भैंस का दूध 71 रुपये प्रति लीटर किया गया है।

इस अवसर पर उन्होंने जय ईश्वरी माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की तथा मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की। सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए 50 हजार रुपये और चार महिला मंडलों को एक-एक लाख रुपये देने की भी घोषणा की गई।

ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कसुम्पटी क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है।

इस मौके पर राज्य नशा निवारण बोर्ड के उप-संयोजक संजय भारद्वाज, उपायुक्त अनुपम कश्यप, एसपी गौरव सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: देवेश आर्य, मण्डी (हिमाचल प्रदेश)

3
744 views

Comment