logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

कस्बा संसारपुर स्थित उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक में कैश संकट, खाताधारकों की बढ़ी परेशानी

संवाददाता : आकाश सिंह (AIMA)खीरी।

कस्बा संसारपुर स्थित उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा में कैश की उपलब्धता न होने से खाताधारकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बैंक पहुंचे उपभोक्ताओं ने मीडिया को बताया कि नकदी न मिलने से उनके जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। किसी के घर में मांगलिक कार्यक्रम है तो कोई बीमारी के इलाज के लिए पैसों की जरूरत बता रहा है।
वहीं किसानों ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्हें फसलों की सिंचाई के लिए डीजल खरीदना है, कीटनाशक दवाएं लेनी हैं, मजदूरों की मजदूरी देनी है और रबी फसल कटने के बाद खेतों की जुताई व नई फसल की बुवाई का कार्य भी करना है। ऐसे में बैंक पहुंचने के बावजूद पैसा न मिलने से उनकी परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं।
खाताधारकों ने शासन एवं प्रशासन से मांग की है कि बैंक शाखा में पर्याप्त कैश की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए, ताकि लोगों की आवश्यक जरूरतें समय पर पूरी हो सकें।
उधर बैंक कर्मचारियों का कहना है कि मुख्य कार्यालय से जितना कैश उपलब्ध कराया जाता है, उतना ग्राहकों को वितरित कर दिया जाता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जैसे ही मुख्य कार्यालय स्तर पर कैश की समस्या समाप्त होगी, शाखा में भी हालात सामान्य हो जाएंगे और ग्राहकों को राहत मिलेगी।

28
1034 views

Comment