धरेच बनी हिमाचल की पहली ग्रीन पंचायत, 500 किलोवाट सौर परियोजना का मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ
देवेश आर्य : मण्डी हिमाचल प्रदेश ।
शिमला, 27 अप्रैल 2026:
हिमाचल प्रदेश में हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। शिमला जिला के कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र की धरेच ग्राम पंचायत प्रदेश की पहली ग्रीन पंचायत बन गई है। यहां स्थापित 500 किलोवाट क्षमता की सौर ऊर्जा परियोजना ने सफलतापूर्वक विद्युत उत्पादन शुरू कर दिया है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने अपने कसुम्पटी दौरे के दौरान इस परियोजना का शुभारंभ किया। लगभग 1 करोड़ 94 लाख रुपये की लागत से तैयार यह परियोजना जनवरी 2025 में शुरू हुई थी और 30 मार्च 2026 को विद्युत ग्रिड से जोड़ दी गई।
इस सौर ऊर्जा संयंत्र से प्रतिदिन करीब 3000 यूनिट स्वच्छ बिजली का उत्पादन हो रहा है, जबकि सालाना उत्पादन लगभग 8 लाख यूनिट रहने का अनुमान है। समझौते के तहत हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड इस बिजली को 3.50 रुपये प्रति यूनिट की दर से खरीदेगा, जिससे ग्राम पंचायत को हर वर्ष लगभग 28 लाख रुपये की आय होगी।
मुख्यमंत्री ने इस परियोजना को आत्मनिर्भर पंचायतों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इससे स्थानीय स्तर पर आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा। परियोजना से प्राप्त राजस्व का 30 प्रतिशत पंचायत विकास कार्यों पर, 20 प्रतिशत अनाथों और विधवाओं के कल्याण पर, 20 प्रतिशत राज्य सरकार को, 10 प्रतिशत हिम ऊर्जा को तथा 20 प्रतिशत संचालन एवं रखरखाव के लिए खर्च किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 25 वर्षों की आयु वाली यह परियोजना सतत विकास, स्वच्छ ऊर्जा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी।
रिपोर्ट: देवेश आर्य, मण्डी (हिमाचल प्रदेश)