द्रौपदी मुर्मू का शिमला आगमन, भव्य स्वागत के साथ हिमाचल दौरे की शुरुआत
देवेश आर्य : मण्डी हिमाचल प्रदेश ।
शिमला, 27 अप्रैल 2026:
भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज हिमाचल प्रदेश के पांच दिवसीय दौरे पर शिमला पहुंचीं, जहां उनके आगमन पर भव्य और गरिमामयी स्वागत किया गया। शिमला के समीप छराबड़ा स्थित कल्याणी हेलीपैड पर राष्ट्रपति का गर्मजोशी से अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने राष्ट्रपति का स्वागत करते हुए प्रदेशवासियों की ओर से उनका हार्दिक अभिनंदन किया।
राष्ट्रपति के स्वागत कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह (जिन्हें इस दौरे के लिए मंत्री-इन-वेटिंग नियुक्त किया गया है), सांसद सुरेश कुमार कश्यप, नगर निगम शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त मुख्य सचिव संजय गुप्ता, पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी तथा चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल एस.एस. धैय्या समेत राज्य सरकार और सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी राष्ट्रपति का स्वागत किया।
राष्ट्रपति का यह पांच दिवसीय हिमाचल दौरा विभिन्न कार्यक्रमों और आधिकारिक बैठकों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे राज्य के विकास और केंद्र-राज्य संबंधों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
रिपोर्ट: देवेश आर्य, मण्डी (हिमाचल प्रदेश)