क्षतिग्रस्त बिजली खंभे से हादसे की आशंका, ग्रामीणों में रोष
बेंगलुरू/बागरा (दलपतसिह भायल) गांव में जागनाथ राजकीय विद्यालय के समीप स्थित गली में लगा एक बिजली का खंभा गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है। खंभे की हालत इतनी जर्जर हो चुकी है कि वह किसी भी समय गिर सकता है, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
यह मार्ग गांव के लोगों, राहगीरों और वाहन चालकों के लिए प्रमुख रास्ता है। खंभे के आसपास पशुओं का भी आवागमन रहता है, जिससे उनके लिए भी खतरा उत्पन्न हो गया है। वर्तमान में विवाह समारोहों का सीजन चल रहा है, जिसके चलते खेतलाजी मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंच रही हैं। ऐसे में यह क्षतिग्रस्त खंभा किसी भी समय गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में बिजली विभाग के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। विभाग की उदासीनता से लोगों में नाराजगी व्याप्त है।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग से तत्काल खंभे की मरम्मत या उसे बदलने की मांग की है, ताकि किसी अप्रिय घटना से पहले समस्या का समाधान हो सके।
जनहित में अपील
बिजली विभाग तत्काल मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करे और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए।
स्थानीय प्रशासन सुरक्षा के मद्देनजर खंभे के आसपास सुरक्षा घेरा बनवाए।
नागरिकों से अपील है कि क्षतिग्रस्त खंभे के पास जाने से बचें और विशेष सावधानी बरतें।