आप छोड़कर भाजपा में शामिल हुए राज्यसभा सदस्यों के खिलाफ कैबिनेट मंत्री बरिंदर गोयल की अगुवाई में लहरागागा में रोष प्रदर्शन, पुतले फूंके
लहरागागा 26 अप्रैल 2026 (अंकुश शर्मा) लहरागागा में आज कैबिनेट मंत्री श्री बरिंदर गोयल की अगुवाई में बड़ी संख्या में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भाजपा में शामिल हुए राज्यसभा सदस्यों के पुतले फूंककर जोरदार रोष प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर बरिंदर गोयल ने कहा कि इन राज्यसभा सदस्यों ने पंजाब के लोगों के साथ विश्वासघात किया है। आम आदमी पार्टी ने उन्हें जनसेवा के लिए यह पद दिए थे, लेकिन उन्होंने अपने स्वार्थ के लिए जनता का भरोसा तोड़ते हुए भाजपा का दामन थाम लिया।
मीडिया से बातचीत के दौरान विधायकों के भाजपा में शामिल होने की अफवाहों पर पूछे गए सवाल के जवाब में गोयल ने स्पष्ट किया कि सभी विधायक पार्टी के प्रति पूरी निष्ठा के साथ खड़े हैं और श्री अरविंद केजरीवाल तथा श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में एकजुट हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के पास पंजाब में जमीनी स्तर पर जनता को दिखाने के लिए कुछ भी नहीं है और अब वह “ऑपरेशन लोटस” जैसी रणनीतियों के जरिए अन्य दलों के नेताओं को अपने साथ मिलाकर 2027 के चुनावों की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे हथकंडों को पंजाब के लोग कभी स्वीकार नहीं करेंगे।
गोयल ने आगे कहा कि जब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का दबाव बना तो पार्टी छोड़ने वाले राज्यसभा सदस्य अपने रुख पर कायम नहीं रह सके, जिससे उनका असली चेहरा सामने आ गया है। उन्होंने कहा कि इन नेताओं के जाने के बाद पार्टी और अधिक मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने इन सदस्यों को पूरा मान-सम्मान दिया था, लेकिन वे अपने सिद्धांतों पर कायम नहीं रह सके। इस मौके पर बड़ी संख्या में पार्टी के वरिष्ठ नेता, वॉलंटियर और कार्यकर्ता मौजूद थे।