logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

हसनपुर में पशु चिकित्सा शिविर एवं संगोष्ठी का आयोजन

हसनपुर में पशु चिकित्सा शिविर एवं संगोष्ठी का आयोजन
-----
#श्योपुर-/ कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में पशु पालन एवं डेयरी विभाग द्वारा कराहल विकासखण्ड के ग्राम हसनपुर में “क्षीर धारा ग्राम योजना” के तहत एक दिवसीय पशु चिकित्सा शिविर एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों को वैज्ञानिक पशुपालन पद्धतियों से अवगत कराना, पशुओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा दुग्ध उत्पादन में वृद्धि कर उनकी आय को सुदृढ़ बनाना रहा।

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों द्वारा पशुपालकों को पशुओं में होने वाली प्रमुख बीमारियों, उनके लक्षण, रोकथाम एवं उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही टीकाकरण, डीवॉर्मिंग (कृमिनाशन), संतुलित आहार, हरा चारा उत्पादन, खनिज मिश्रण के उपयोग एवं स्वच्छ दुग्ध उत्पादन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

शिविर में 47 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यकतानुसार 23 पशुओं का उपचार किया गया एवं पशुओ को निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। इसके अतिरिक्त पशुपालकों को कृत्रिम गर्भाधान, नस्ल सुधार, पशु बीमा तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी भी दी गई, जिससे वे आधुनिक तकनीकों को अपनाकर अपने व्यवसाय को और अधिक लाभकारी बना सकें।

इस अवसर पर पशुपालन विभाग के उपसंचालक डॉ. सुभाष बाबू दोहरे ने अपने संबोधन में कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से पशुपालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है, तथा सभी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ अवश्य लेना चाहिए।

विकासखण्ड पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामनिवास शाक्य ने क्षेत्र में संचालित गतिविधियों एवं पशु स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी देते हुए पशुपालकों को नियमित टीकाकरण एवं समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी। सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी श्री चक्रेश द्वारा भी पशुपालकों को व्यावहारिक सुझाव प्रदान किए गए।कार्यक्रम में कृषि विभाग के आरएईओ द्वारा किसानों को कृषि एवं पशुपालन के समन्वय के महत्व पर प्रकाश डाला गया। इस दौरान पशुपालकों को फसल अवशेषों के उपयोग, हरे चारे के उत्पादन तथा जैविक खेती के साथ पशुपालन को जोड़ने के लाभ बताए गए। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सचिव, सरपंच सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। बड़ी संख्या में ग्रामीण पशुपालकों ने शिविर में भाग लेकर विभागीय सेवाओं एवं जानकारी का लाभ प्राप्त किया।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur

11
605 views

Comment