logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

जमशेदपुर में रेलवे कर्मचारी की गोली मारकर हत्या, बागबेड़ा थाना क्षेत्र में सनसनी

जमशेदपुर:जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना अंतर्गत रेलवे के नए लॉबी गेट के समीप रविवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने एक रेलवे कर्मचारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली कर्मचारी के माथे पर लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल इलाज के लिए रेलवे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों में दहशत फैल गई।
मृतक की पहचान जीके मीणा के रूप में हुई है, जो आदित्यपुर का निवासी बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार वह रेलवे में कार्यरत होने के साथ-साथ ठेकेदारी और जमीन कारोबार से भी जुड़ा हुआ था। रेलवे पार्किंग और अन्य कार्यों में उसकी सक्रिय भूमिका बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार स्टेशन क्षेत्र में चल रहे समतलीकरण कार्य में भी उसकी भागीदारी थी और रेलवे के विस्तार से जुड़े कई आगामी टेंडरों में उसकी दिलचस्पी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, देर रात जीके मीणा रेलवे के लोको पायलट लॉबी गेट की ओर जा रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे और नजदीक से उस पर फायरिंग कर फरार हो गए। गोली सीधे उसके माथे पर लगी, जिससे वह घटनास्थल पर ही गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी ललित मीणा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को मौके से एक खोखा बरामद हुआ है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
सिटी एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि मृतक लोको पायलट लॉबी गेट की ओर जा रहा था, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उसे निशाना बनाया। पुलिस हत्या के पीछे के कारणों की गहराई से जांच कर रही है। जमीन कारोबार, ठेकेदारी विवाद या अन्य आपराधिक एंगल पर भी जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे के नए लॉबी गेट और उसके आसपास का इलाका लंबे समय से असामाजिक तत्वों का अड्डा बना हुआ है। देर रात यहां संदिग्ध लोगों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। रेलवे स्टेशन के विस्तार और विकास कार्यों के कारण यह क्षेत्र इन दिनों काफी महत्वपूर्ण हो गया है और आने वाले दिनों में कई बड़े टेंडर भी जारी होने हैं।
इस हत्या ने इलाके की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर बागबेड़ा थाना पुलिस के लिए इस क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाना बड़ी चुनौती बन गई है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और अपराधियों की तलाश में छापेमारी जारी है।

1
13 views

Comment