सीएमओ मैनपुरी ने किया औचक निरीक्षण, आयुष्मान आरोग्य मंदिर रठेरा में लापरवाही पर जताई नाराजगी
मैनपुरी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरसी गुप्ता ने शनिवार को जनपद के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण की शुरुआत में सीएमओ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुचेला के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर रठेरा पहुंचे, जहां तैनात कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर अवनीश यादव संचारी रोग नियंत्रण अभियान के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं दे सके। साथ ही, उनके द्वारा सीएस प्रो एप पर कोई भी गतिविधि दर्ज न किए जाने पर सीएमओ ने उन्हें तत्काल पोर्टल अपडेट करने और व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोसमा पहुँचकर सीएमओ ने फार्मासिस्ट जेपी यादव को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके उपरांत, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोदना (घिरोर) का निरीक्षण स्वास्थ्य विभाग के लिए काफी चौंकाने वाला रहा। यहां नेत्र परीक्षण अधिकारी नीरज सक्सेना पिछले दो दिनों से बिना सूचना के गायब पाए गए, जबकि ओटी टेक्नीशियन सत्येंद्र कुमार, स्वीपर-चौकीदार मनोज कुमार और मेडिकल ऑफिसर डॉ. अपराजिता सिंह भी ड्यूटी से अनुपस्थित मिलीं। सीएमओ ने इन सभी गैर-हाजिर कर्मियों का उक्त दिवस का वेतन रोकने का आदेश दिया।
इस दौरान केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रवीण यादव को निर्देशित करते हुए सीएमओ ने स्पष्ट किया कि अस्पताल में समयबद्धता और कार्य के प्रति ईमानदारी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संचारी रोग नियंत्रण अभियान को प्राथमिकता पर रखते हुए सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अनिवार्य रूप से गांवों में जाकर आशा कार्यकर्ताओं की मॉनिटरिंग करें, उसका विवरण सीएस प्रो एप पर दर्ज करें और ग्रामीणों को संचारी रोगों के प्रति जागरूक करें। इस औचक निरीक्षण के दौरान प्रभारी जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी रवींद्र सिंह गौर, डॉ. तान्या सिंह और डीएमएचसी सचिन कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।