बेटे के सामने पूर्व फौजी ने खुद को मारी गोली…
बेटे के सामने पूर्व फौजी ने खुद को मारी गोली…
सुसाइड नोट में पत्नी-बेटे पर प्रताड़ना के आरोप
हरियाणा के झज्जर जिले के गांव मातनहेल में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां बेटे के सामने ही पिता ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही साल्हावास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान नरेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो सेना में हवलदार के पद से साल 2017 में रिटायर हुए थे। पुलिस के अनुसार रविवार सुबह करीब 7:30 बजे नरेंद्र सिंह घर के आंगन में बैठे थे, जबकि कुछ दूरी पर उनका बेटा खाना खा रहा था। इसी दौरान नरेंद्र ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाली और सिर में गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर बेटा तुरंत उनकी ओर दौड़ा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक नोट में मृतक ने अपनी पत्नी, बेटे और बहू पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। हालांकि पुलिस ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि सुसाइड नोट मृतक ने ही लिखा है या नहीं। इसकी पुष्टि के लिए हैंडराइटिंग एक्सपर्ट से जांच कराई जाएगी।
परिवारिक विवाद की आशंका
डीसीपी धारणा यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस मृतक के बेटे के बयान और सुसाइड नोट के आधार पर सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि रिटायरमेंट के बाद नरेंद्र सिंह ज्यादातर समय घर पर ही रहते थे। उनका एक ही बेटा है, जिसकी शादी हो चुकी है। घटना से पहले सुबह किसी बात को लेकर विवाद हुआ था या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के पीछे के असली कारणों का खुलासा किया जाएगा।