बढ़ती गर्मी से बच्चों को राहत : मुरादाबाद में 27 अप्रैल से स्कूल का समय सुबह 7:30 से 12:30 तक का हुआ।
अप्रैल माह के आखिरी हफ्ते में सूरज की बेतहाशा तपिश और हिटवेव्स(गर्म हवाओं)ने जनजीवन बेहाल कर दिया है। शनिवार 25 अप्रैल को पारा 40 डिग्री को पार कर गया। भीषण गर्मी और लू से बच्चों को बचाने के लिए जिलाधिकारी अनुज चौधरी के निर्देशन में जिला प्रशासन ने स्कूलों का समय बदल दिया है।अब स्कूल सुबह 7:30 से 12:30 तक खुलेंगे।
जिला प्रशासन के आदेश के तहत जिले में संचालित सभी शिक्षा बोर्डों (यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई, संस्कृत बोर्ड और मदरसा बोर्ड) के स्कूलों का समय परिवर्तित किया गया है।
नया नियम सोमवार, 27 अप्रैल 2026 से प्रभावी होगा। अब कक्षा 1 से लेकर 12वीं तक के सभी विद्यालय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक ही संचालित किए जाएंगे। यह आदेश राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और सभी निजी स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा।
मुरादाबाद में लू के असर से जनजीवन प्रभावित है दोपहर में लोग घरों में रहने को मजबूर हैं। जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विज्ञान विभाग के डाटा संग्रह केंद्र के प्रभारी निसार अहमद ने बताया कि शनिवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस अधिक है। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में .7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वातावरण में सुबह की नमी 45 फीसदी और शाम की नमी 23 फीसदी दर्ज की गई। हवा की गति पश्चिम दिशा से दस किलोमीटर प्रति घंटा रही। रविवार को हीट वेव चलने का अलर्ट जारी किया गया है।