logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

गढ़वा: भीषण गर्मी और लू का प्रकोप, डॉ. अरशद अंसारी ने दी सावधानी बरतने की सलाह

गढ़वा। जिले में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और तीखी धूप को देखते हुए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के जिलाध्यक्ष डॉ. अरशद अंसारी ने आम जनता के लिए स्वास्थ्य एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे लू (Heat Wave) और गर्म हवाओं से बचने के लिए विशेष सावधानी बरतें।
​गर्मी के दुष्प्रभाव और लक्षण
​डॉ. अंसारी ने बताया कि अत्यधिक गर्मी के कारण शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन), उल्टी, तेज बुखार, कमजोरी, सिरदर्द और चक्कर आने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। गंभीर स्थिति में यह हृदयघात (Heart Attack) या मस्तिष्कघात (Brain Stroke) का कारण भी बन सकता है।
​बचाव के मुख्य उपाय:
​खान-पान: शरीर को हाइड्रेटेड रखने के लिए पानी के साथ-साथ नमक-चीनी का घोल, छाछ, नींबू पानी, आम का पना, लस्सी और तरबूज जैसे फलों का सेवन करें। खरबूजा, खीरा और ककड़ी भी काफी लाभकारी हैं।
​पहनावा: बाहर निकलते समय हल्के रंग के ढीले-ढाले सूती कपड़े पहनें। धूप का चश्मा लगाएं और सिर को तौलिया या गमछे से ढक कर रखें।
​समय का ध्यान: दोपहर के समय अनावश्यक घर से बाहर निकलने से बचें।
​आपातकालीन स्थिति में क्या करें?
​डॉक्टर के अनुसार, यदि किसी व्यक्ति को लू लग जाए, तो उसे तुरंत छायादार स्थान पर लिटा दें। शरीर को ठंडे गीले कपड़े से पोंछें या ठंडे पानी से नहलाएं। यदि एक घंटे के भीतर स्थिति में सुधार न हो, तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाएं।
​राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM), झारखंड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन कर लोग खुद को सुरक्षित रख सकते हैं।

6
1933 views

Comment