सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए आज लगेंगी एचपीवी की वैक्सीन
सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से अब झालावाड़ की बेटियों को सुरक्षा का "कवच' मिल रहा है। रविवार को छुट्टी के दिन जिलेभर में जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन महाभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सभी अस्पतालों में 14 से 15 वर्ष की आयु की बालिकाओं को निशुल्क टीका लगाया जाएगा।
सीएमएचओ डॉ. साजिद खान ने बताया कि जिले भर में कलेक्टर अजयसिंह राठौड़ के नेतृत्व में एचपीवी का टीका लगाकर बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में 16500 बेटियों को टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से अब तक 1600 बेटियों को टीका लगाया जा चुका है। राज्य में झालावाड़ एचपीवी वैक्सीनेशन में अभी तक चौथे नंबर पर है। इस अभियान का उद्देश्य भविष्य की माताओं को कैंसर मुक्त रखना है। सीएमएचओ डॉ. साजिद खान ने बताया कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है और भविष्य में होने वाली गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचाने में अत्यंत प्रभावी है।
प्रदेश में बेटियों के सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग करोड़ों रुपए खर्च कर रहा है। एक डोज की कीमत, ट्रांसपोर्टेशन, कोल्ड चेन में रखरखाव को मिलाकर सरकार प्रति लाभार्थी लगभग 6600 रुपए खर्च कर रही है। इसके बावजूद जागरूकता की कमी से अभिभावक ध्यान नहीं दे रहे हैं।
^सभी स्वास्थ्य संस्थानों पर वैक्सीन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है। यहां प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी टीकाकरण के लिए तैनात रहेंगे। इसके लिए आशा, एएनएम एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता एवं लाभार्थियों की मोबिलाइजेशन की जा रही है। अभिभावकों से अपील है कि वे अपनी बेटियों को आज नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर लाकर इस महत्वपूर्ण टीकाकरण का लाभ दिलाएं।
- डॉ. साजिद खान, सीएमएचओ, झालावाड़
सीएमएचओ डॉ. साजिद खान के अनुसार, सर्वाइकल कैंसर का मुख्य कारण एचपीवी वायरस है। यदि 14 से 15 वर्ष की आयु में किशोरियों को यह टीका लग जाए, तो उनके शरीर में कैंसर के खिलाफ प्रतिरोधक क्षमता विकसित हो जाती है। इस उम्र में टीका लगाने पर केवल एक डोज ही दीर्घकालीन सुरक्षा प्रदान करने के लिए पर्याप्त है। यह 9 से 14 वर्ष के बीच अधिक प्रभावी मानी जाती है।
आज मेडिकल कॉलेज से लेकर इन अस्पतालों में लगेंगे विशेष कैंप जिला प्रशासन एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त निर्देशन में रविवार को मेडिकल कॉलेज सहित जिला अस्पताल झालरापाटन, उप जिला अस्पताल भवानीमंडी, अकलेरा, पिड़ावा, डग, सुनेल, मनोहरथाना, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खानपुर, सारोलाकलां, रायपुर, पनवाड़, असनावर, बकानी व रटलाई सहित सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर एचपीवी वैक्सीन का विशेष टीकाकरण कैंप लगाया जाएगा।
Aima media jhalawar