ख़बर का असर: ऑटो चालक से गुंडा टैक्स वसूलने पर एफआईदर्ज
*हरदोई*
शहर में गुंडा टैक्स वसूली का मामला सामने आया है। मीडिया में प्रमुखता से प्रसारित होने के बाद पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है। थाना शहर कोतवाली में दर्ज एफआईआर के अनुसार सुरसा थाना क्षेत्र निवासी ऑटो चालक गोविंद से 24 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे बिलग्राम चुंगी के पास उससे जबरन वसूली की गई।
पीड़ित के मुताबिक, वह ऑटो लेकर सवारी के इंतजार में खड़ा था, तभी इदरीशगंज निवासी छोटा पुत्र मुन्ने मियाँ अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा और उससे 20 रुपये ‘प्रति चक्कर’ के हिसाब से अवैध वसूली करने लगा।
गोविंद ने बताया कि उसके पास उस समय केवल 10 रुपये थे, जिसे देने के बाद भी आरोपियों ने दबाव बनाया और कहा कि यहां हर ऑटो चालक को 20 रुपये देना पड़ता है। विरोध करने पर आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और मारपीट की। एफआईआर में यह भी आरोप है कि आरोपी खुद को इलाके के एक तथाकथित ‘अड्डा मैनेजर’ का आदमी बताते हुए पुलिस से बचाने की धमकी दे रहे थे। पीड़ित ने जान-माल की धमकी दिए जाने की भी बात कही है।
घटना के दौरान मौके पर पहुंचे एक स्थानीय व्यक्ति ने वीडियो भी बनाया, जिसे साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किया गया है। इस प्रकरण को मीडिया ने प्रमुखता से प्रसारित किया, जिसे जिले के नागरिकों ने भी गंभीरता से लेते हुए जिले की पुलिस और सरकार पर सवाल उठाये। गुंडाटैक्स के नाम पर गरीबों से अवैध वसूली व पुलिस से बचाने के आरोपियों के कथित बयान की जमकर आलोचना की, फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
*रिपोर्टर यूनुश सिद्दीकी
हरदोई*