मथुरा में देह व्यापार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गेस्ट हाउस पर छापा, 7 गिरफ्तार
मथुरा। जनपद में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मथुरा के कोतवाली क्षेत्र स्थित बीएसए चौकी इलाके में एक गेस्ट हाउस पर छापेमारी कर पुलिस ने देह व्यापार के आरोप में 7 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी आशना चौधरी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में आरएस गेस्ट हाउस पर दबिश दी गई। छापेमारी के दौरान मौके से चार युवतियां और तीन युवक पकड़े गए। पुलिस के अनुसार, गेस्ट हाउस में लंबे समय से अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की शिकायत मिल रही थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
छापे के दौरान पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है। साथ ही गेस्ट हाउस के संचालन और भूमि से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
सीओ वर्जन
सीओ आशना चौधरी ने बताया कि जनपद में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।