जागरूकता और सामूहिक संकल्प से ही हारेगा मलेरिया डॉ. अरुण श्रीवास्तव
आगरा। विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर शनिवार को प्राथमिक विद्यालय सराय बेगा में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष की थीम “मलेरिया समाप्त करने का संकल्प: अब हम कर सकते हैं, अब हमें करना ही होगा” के तहत स्वास्थ्य विभाग और स्कूल प्रशासन ने मिलकर मलेरिया उन्मूलन के लिए हुंकार भरी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने उपस्थित जनसमूह और स्कूली बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि मलेरिया एक जानलेवा बीमारी जरूर है, लेकिन इसे पूरी तरह समाप्त करना संभव है। उन्होंने जोर देते हुए कहा"मलेरिया के इलाज में जरा सी भी देरी जटिलताएं पैदा कर सकती है। यदि लक्षण दिखें, तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं। मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने में जनता का सहयोग सबसे अनिवार्य है।"
विद्यार्थियों ने ली मलेरिया मुक्ति की शपथ
वेक्टर बोर्न रोगों के नोडल अधिकारी डॉ. सुरेंद्र मोहन प्रजापति ने बच्चों को विस्तार से बताया कि मलेरिया से बचने के लिए मच्छरदानी का नियमित उपयोग और पूरी आस्तीन के कपड़े पहनना कितना जरूरी है। वहीं, जिला मलेरिया अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता ने अपील की कि विद्यार्थी 'स्वास्थ्य दूत' बनकर अपने घरों के आसपास पानी जमा न होने दें। इस दौरान विद्यालय की प्रधानाध्यापिका गुंजन दुबे ने अतिथियों का स्वागत किया और बच्चों को सफाई के प्रति प्रेरित किया। कार्यक्रम में पेंटिंग और प्रश्नोत्तरी जैसी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को खेल-खेल में मलेरिया के प्रति जागरूक किया गया। अंत में सभी ने एक साथ मलेरिया उन्मूलन का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर डॉ. वीनम चतुर्वेदी (प्रभारी चिकित्साधिकारी), मलेरिया विभाग से आलोक, योगेश, कुशाग्र, रुद्र, प्रवेन्द्र, रूबी, अनिल, अमित सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ और प्रशिक्षु शिक्षक उपस्थित रहे।