वेदान विनायक इंटरनेशनल स्कूल, फरीदपुर में जूडो प्रतियोगिता का भव्य आयोजन
फरीदपुर। वेदान विनायक इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार, 25 अप्रैल 2026 को बरेली जूडो एसोसिएशन के तत्वावधान में भव्य जूडो प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के लगभग 160 छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा, तकनीकी कौशल और अनुशासन का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी एवं भारतीय जनता पार्टी के नेता नवीन शर्मा (सेंथल) द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में एडवोकेट शारीक खान एवं नगर पंचायत चेयरमैन कंवर एजाज शानू की गरिमामयी उपस्थिति रही।
प्रतियोगिता में बरेली और आसपास के जिलों के कई प्रतिष्ठित विद्यालयों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। इनमें गोल्डन विंग्स पब्लिक स्कूल (सेंथल), डी.एक्स. डायनामिक एकेडमी (कासगंज), श्री गणेश इंटर कॉलेज (कासगंज), एस.के. एकेडमी (कासगंज), सेंट जोसेफ (कासगंज), मेट्रोपॉलिटन स्कूल (रिठौरा), महामाया विहार पब्लिक स्कूल (बरेली), द रेनेसा एकेडमी (तिलहर), छंगामल पब्लिक स्कूल (फरीदपुर), कृष्णा पब्लिक स्कूल (फरीदपुर), विनायक पब्लिक स्कूल (फरीदपुर) तथा साहू गोपीनाथ कन्या इंटर कॉलेज (बरेली) प्रमुख रहे। खिलाड़ियों ने मैट पर अपनी फुर्ती और शानदार दांव-पेंच से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
विद्यालय के चेयरमेन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. अमीद मुराद, जो जूडो एसोसिएशन के चेयरमैन भी हैं, ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि “परिश्रम ही सफलता की कुंजी है।” उन्होंने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि खेल न केवल शारीरिक विकास में सहायक होते हैं, बल्कि अनुशासन, प्रतिस्पर्धा और टीम भावना भी विकसित करते हैं।
वहीं, चेयरपर्सन डॉ. सबीन अहसन ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का मंच प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम का समापन विजेताओं को पुरस्कृत कर एवं सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ किया गया।