*बदनावर में आयोजित हुए एग्रो मंथन मेले में 'लोकल फॉर वोकल' उपकरणों पर जोर,*
बदनावर-धार :- Raju Gajbhiye AIMA Social Media Activist / Journalist
*किसानों को मिली आधुनिक कृषि तकनीक की जानकारी, कई चीजों के लगे थे स्टाल,*
बदनावर में आज स्व. सुभाषचंद्र मूणत की स्मृति में एग्रो मंथन किसान मेले का आयोजन किया गया। बड़ी चौपाटी जनपद पंचायत के सामने स्थित खेल मैदान पर हुए इस मेले में क्षेत्र के किसानों को विभिन्न कृषि संबंधित उपकरणों, खाद्य, बीज और दवाइयों के बारे में जानकारी दी।
इस एग्रो मंथन में प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। आयोजक अभिषेक मूणत और आयुष मूणत ने अतिथियों और किसानों का स्वागत किया। मेले में 50 से अधिक स्टाल लगाए गए थे, जहां आधुनिक कृषि उपकरणों, सोलर पैनल, खाद, बीज, दवाइयों और बिजलीरहित उपकरणों की जानकारी दी गई।
किसानों ने प्रत्येक स्टाल पर पहुंचकर कृषि उपकरणों और नई तकनीकों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्हें बताया गया कि कैसे कम लागत में बेहतर पैदावार प्राप्त की जा सकती है। साथ ही, राज्य और केंद्र सरकार की कई कल्याणकारी योजनाओं और उन पर मिलने वाली सब्सिडी के बारे में भी से जानकारी दी गई।
मेले में कम समय और कम खर्च में अधिक पैदावार के तरीकों के साथ-साथ ड्रोन से नैनो यूरिया छिड़काव जैसी आधुनिक विधियों पर भी प्रकाश डाला गया।
*किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकें मिलेंगी*
पूर्व मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव ने कहा कि यह आयोजन किसानों को नई तकनीक सीखने और सिखाने का एक बड़ा अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने बताया कि किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, सतत कृषि पद्धतियों, जल संरक्षण और मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन के बारे में नई सीख मिलेगी। दत्तीगांव ने प्राकृतिक खेती अपनाने और नई तकनीकों से उत्पादन व आय में वृद्धि होने की बात भी कही।उन्होंने मूणत परिवार द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि यह निश्चित रूप से कृषि क्रांति में एक नई इबारत लिखेगा। इस मंथन कार्यक्रम में विभिन्न कंपनियों के कर्मचारियों, अधिकारियों के साथ-साथ क्षेत्र के किसानों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। यह इस आयोजन का दूसरा वर्ष था।