मवई सीएचसी में ट्रूनॉट मशीन का हुआ उद्घाटन, टीबी जांच होगी अब स्थानीय स्तर पर
मवई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में ट्रूनॉट मशीन का उद्घाटन रुदौली विधायक रामचंद्र यादव एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. देवेंद्र सिंह भिटोरिया द्वारा किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
ट्रूनॉट मशीन के शुरू होने से अब मवई क्षेत्र के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। क्षेत्रवासियों को अब टीबी की जांच के लिए जिला मुख्यालय नहीं जाना पड़ेगा। सीएचसी मवई में ही अब टीबी की सटीक और त्वरित जांच संभव हो सकेगी।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ट्रूनॉट मशीन से टीबी की पहचान तेजी से होगी, जिससे समय पर इलाज शुरू किया जा सकेगा। इससे मरीजों का समय और पैसा दोनों बचेगा तथा टीबी नियंत्रण अभियान को भी मजबूती मिलेगी।
उद्घाटन के दौरान विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि सरकार की मंशा है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। वहीं सीएमओ डॉ. देवेंद्र सिंह भिटोरिया ने बताया कि ट्रूनॉट मशीन से टीबी जांच की सुविधा और अधिक मजबूत होगी तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।