हुसैनगंज के होनहारों का जलवा: किसान पुत्र समेत तीन छात्रों ने यूपी टॉप-10 में लहराया फतेहपुर का परचम
*हुसैनगंज, फतेहपुर*
हुसैनगंज के होनहारों का जलवा: किसान पुत्र समेत तीन छात्रों ने यूपी टॉप-10 में लहराया फतेहपुर का परचम
हुसैनगंज कस्बे में उस समय खुशी की लहर दौड़ गई जब हाईस्कूल परीक्षा परिणाम घोषित होने पर एस.एस. इंटर कॉलेज मुस्तफापुर हुसैनगंज के मेधावी छात्र हर्षित तिवारी ने 578 अंक प्राप्त कर पूरे उत्तर प्रदेश में 9वां स्थान हासिल किया। हर्षित की इस शानदार सफलता से परिवार, विद्यालय और क्षेत्रवासियों में गर्व का माहौल है। हर्षित, विनोद कुमार तिवारी एवं नीलू तिवारी के पुत्र हैं तथा लालीपुर गांव के निवासी हैं। उनके पिता खेती-किसानी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद हर्षित ने कठिन मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया। परिणाम आने के बाद घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। परिजनों ने मिठाई खिलाकर खुशी मनाई, वहीं गांव और कस्बे के लोगों ने भी हर्षित को शुभकामनाएं दीं। विद्यालय परिवार ने छात्र की सफलता को संस्था के लिए गौरव का क्षण बताया। हर्षित तिवारी ने बताया कि उनका सपना आगे की पढ़ाई पूरी कर इंजीनियर बनने का है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और नियमित पढ़ाई को दिया। इसी विद्यालय की छात्रा रिंकी देवी पुत्री दुर्गेश कुमार निवासी महादेपुर ने 573 अंक प्राप्त कर प्रदेश में 7वां स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और विद्यालय में उत्साह का माहौल है। वहीं अभिषेक यादव पुत्र श्याम सिंह निवासी भागूपुर ने 572 अंक हासिल कर प्रदेश में 8वां स्थान प्राप्त किया। तीनों विद्यार्थियों की शानदार सफलता से फतेहपुर जिला का नाम प्रदेश भर में रोशन हुआ है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि इन बच्चों की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी। हेडिंग कुछ अलग