महिला आरक्षण बिल पर सियासत तेज: कांग्रेस पर कर्नाटक के BJP नेताओं का बड़ा हमला
बेंगलुरु: केंद्रीय राज्य मंत्री (रेलवे और जलशक्ति) वी. सोमन्ना, हावेरी-गडग से सांसद बसवराज बोम्मई और मैसूर-कोडागु के सांसद यदुवीर वाडियार ने गुरुवार को मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ने संविधान संशोधन विधेयक का विरोध कर कर्नाटक के हितों से समझौता किया है।
मैसूर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सोमन्ना और वाडियार ने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्ष ने लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33% आरक्षण देने और सीटों की संख्या में 50% बढ़ोतरी करने वाले संविधान संशोधन बिल को हराकर महिलाओं के सशक्तिकरण के खिलाफ काम किया है।
उन्होंने विपक्ष पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जो पार्टियां महिलाओं के अधिकारों की बात करती हैं, वही अहम मौके पर उनके हितों के खिलाफ खड़ी हो गईं। उन्होंने इस बिल को ऐतिहासिक कदम बताते हुए इसके विरोध को महिलाओं के अधिकारों के प्रति एक प्रतिगामी सोच करार दिया।
इस दौरान कर्नाटक राज्य महिला मोर्चा की अध्यक्ष सी. मंजुला भी मौजूद थीं।
वहीं हावेरी में पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने सिद्धारमैया से अपील की कि वे अपनी पार्टी को इस मुद्दे पर पुनर्विचार करने के लिए मनाएं, ताकि इस महत्वपूर्ण विधेयक को पारित करने का रास्ता साफ हो सके।