लेखपाल रिश्वत लेते गिरफ्तार, इटवा तहसील में मचा हड़कंप
*लेखपाल रिश्वत लेते गिरफ्तार, इटवा तहसील में मचा हड़कंप*
जिला संवाददाता
संवाद सूत्र, इटवा (सिद्धार्थनगर)।
जनपद सिद्धार्थनगर के इटवा तहसील में गुरुवार को एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लेखपाल अरविंद को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से तहसील परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति रही।
मिली जानकारी के अनुसार, लेखपाल पर काम के बदले रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता लेखपाल के कक्ष में पहुंचा। जैसे ही लेन-देन की प्रक्रिया शुरू हुई, टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया।
बताया जाता है कि टीम बस्ती से आई थी और काफी देर से तहसील परिसर में निगरानी कर रही थी। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को टीम अपने साथ लेकर चली गई। सूत्रों के अनुसार, उसे आगे की कार्रवाई के लिए बांसी कोतवाली ले जाया गया है।
गिरफ्तार लेखपाल अरविंद मूल रूप से देवरिया जनपद के निवासी हैं और वर्तमान में गोरखपुर में परिवार के साथ रहते हैं। वह लंबे समय से इटवा तहसील में तैनात थे और इन दिनों जन्म प्रमाण पत्र से जुड़े कार्य देख रहे थे।
हालांकि, आरोपी द्वारा ली जा रही रिश्वत की रकम का खुलासा अभी नहीं हो सका है। एंटी करप्शन टीम मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।