logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

हल्द्वानी में पत्रकारों का बड़ा एक्शन: SSP से मिलकर खोला मोर्चा, फर्जी पत्रकारों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स पर सख्त कार्रवाई की मांग



हल्द्वानी। शहर में पत्रकारों की गरिमा और सुरक्षा को लेकर बड़ा मुद्दा सामने आया है। श्रमजीवी पत्रकार यूनियन, नैनीताल के पदाधिकारियों और क्षेत्र के पत्रकारों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी से मुलाकात कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के दुरुपयोग और पत्रकारों की छवि धूमिल करने के मामलों में कड़ी कार्रवाई की मांग की।

इस दौरान यूनियन के जिलाध्यक्ष सर्वेन्द्र बिष्ट और जिला महामंत्री भूपेंद्र रावत के नेतृत्व में पत्रकारों ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कमल कफलटिया नामक व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया गया कि वह खुद को पत्रकार बताकर अनुचित गतिविधियों में संलिप्त है।

पत्रकारों ने बताया कि कुछ दिन पहले बुद्ध पार्क में एक प्रिंट मीडिया पत्रकार के साथ अभद्रता की गई। आरोप है कि संबंधित व्यक्ति द्वारा पत्रकारों और आम जनता के साथ गाली-गलौज और अपमानजनक व्यवहार किया जाता है, जिससे न सिर्फ सामाजिक माहौल खराब हो रहा है बल्कि पत्रकारिता की साख भी प्रभावित हो रही है।

मामले को गंभीर बताते हुए पत्रकारों ने यह भी मुद्दा उठाया कि कई सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और यूट्यूब चैनल संचालक व्यक्तिगत लाभ और लोकप्रियता के लिए पत्रकारों के खिलाफ भ्रामक और अपमानजनक सामग्री प्रसारित कर रहे हैं। इससे मीडिया की विश्वसनीयता पर सीधा असर पड़ रहा है।

ज्ञापन के माध्यम से पत्रकार यूनियन ने प्रशासन के सामने कई अहम मांगें रखीं। इनमें ऐसे सोशल मीडिया अकाउंट्स और यूट्यूब चैनलों की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई, आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने, भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए दिशा-निर्देश जारी करने और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग शामिल रही।

इस पूरे मामले पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि पत्रकारों की गरिमा को ठेस पहुंचाना और सोशल मीडिया का दुरुपयोग करना गंभीर अपराध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे किसी भी व्यक्ति या अकाउंट को बख्शा नहीं जाएगा।

एसएसपी ने भरोसा दिलाया कि सभी आरोपों की जांच कर दोषियों की पहचान की जाएगी और उनके खिलाफ आईटी एक्ट समेत अन्य सुसंगत धाराओं में कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जनपद में कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा।

उन्होंने दोहराया कि पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि है और इसे प्रभावित करने वाले किसी भी तत्व के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।

मीडिया सेल
जनपद नैनीताल

39
1159 views

Comment