logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित आगमन की तैयारियों का हरदोई में किया स्थलीय निरीक्षण बोले कार्यक्रम के दौरान जनता को न हो असुविधा

*हरदोई*
जनपद में दिनांक 29 अप्रैल को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन के दृष्टिगत आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिलग्राम तहसील के मल्लावां कट गंगा एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण कार्यक्रम स्थल एवं उससे संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हेलीपैड, सभा स्थल, वीआईपी मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सुरक्षा प्रबंध, यातायात व्यवस्था सहित समस्त तैयारियों का गहनता से जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री का कार्यक्रम पूर्णतः सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं गरिमामय ढंग से संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था सर्वाेच्च प्राथमिकता पर रखी जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता कदापि स्वीकार्य नहीं होगी। इसके लिए पुलिस एवं प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए मल्टी-लेयर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सभा स्थल का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने बैठने की समुचित व्यवस्था, पंडाल की गुणवत्ता, पेयजल उपलब्धता, स्वच्छता, शौचालय व्यवस्था एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति को मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में आने वाले आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं सुचारु एवं व्यवस्थित रूप से संचालित की जाएं। यातायात प्रबंधन की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्देशित किया कि कार्यक्रम के समय यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे तथा आम नागरिकों को असुविधा न हो। इसके लिए वैकल्पिक मार्गों का निर्धारण, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती एवं स्पष्ट संकेतक (साइन बोर्ड) स्थापित किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने हेलीपैड एवं वीआईपी मूवमेंट से संबंधित व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया तथा निर्देश दिए कि सभी प्रोटोकॉल का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, उन्होंने आपातकालीन सेवाओं जैसे एम्बुलेंस, अग्निशमन एवं चिकित्सा सुविधाओं की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से तैयारियों की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक व्यवस्था की नियमित समीक्षा की जाए और जहां कहीं भी कमी हो, उसे तत्काल दूर किया जाए।
इस अवसर पर मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जिलाधिकारी द्वारा मुख्यमंत्री को मैप के माध्यम से कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई तथा आश्वस्त किया गया कि समस्त तैयारियां समयबद्ध एवं सुचारु रूप से पूर्ण कर ली जाएंगी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में हरित वातावरण को बढ़ावा देने हेतु ‘हरि शंकरी’ प्रजाति के वृक्षों का रोपण किया जाए। अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम जनपद के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, अतः सभी अधिकारी पूर्ण जिम्मेदारी, समन्वय एवं समर्पण के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम का सफल एवं गरिमामय आयोजन सुनिश्चित करे

*रिपोर्टर यूनुश सिद्दीकी
हरदोई *

1
208 views

Comment