Chhattisgarh News: करेंसी टॉवर में लिफ्ट का ‘खेल’ जारी, एसीएस के बाद कांग्रेस प्रवक्ता भी फंसे, जांच पर सवाल
रायपुर
Chhattisgarh News: करेंसी टॉवर में लिफ्ट का ‘खेल’ जारी, एसीएस के बाद कांग्रेस प्रवक्ता भी फंसे, जांच पर सवाल
Raipur News: पहले जहां एडिशनल चीफ सेक्रेटरी ऋचा शर्मा लिफ्ट में फंस गई थीं, वहीं अब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता नितिन भंसाली भी इसी तकनीकी खामी का शिकार हुए।
करेंसी टॉवर में फिर अटकी लिफ्ट (फोटो सोर्स- पत्रिका)
करेंसी टॉवर में फिर अटकी लिफ्ट (फोटो सोर्स- पत्रिका)
राजधानी रायपुर के वीआईपी चौक स्थित करेंसी टॉवर में लिफ्ट हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक हफ्ते के भीतर लिफ्ट में फंसने की यह दूसरी बड़ी घटना है। तीन दिन पहले एडिशनल चीफ सेक्रेटरी (एसीएस) ऋचा शर्मा के 20 मिनट तक फंसे रहने के बाद, बुधवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता नितिन भंसाली भी इस तकनीकी खामी का शिकार हुए। गनीमत रही कि गार्ड ने समय रहते उन्हें रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे नितिन भंसाली टॉवर स्थित जिम से निकलकर लिफ्ट के जरिए बेसमेंट की ओर जा रहे थे। तभी अचानक लिफ्ट का सपोर्ट सिस्टम फेल हो गया और वह बीच में ही अटक गई। दरवाजा नहीं खुलने पर उन्होंने शोर मचाया और दरवाजा पीटा, जिसे सुनकर सुरक्षा गार्ड मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला। घटना से डरे भंसाली ने प्रबंधन की इस घोर लापरवाही पर जमकर फटकार लगाई।
चार में से दो लिफ्ट बंद, बाकी भी कंडम
इस पॉश कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में लगी चार लिफ्टों में से दो पहले ही बंद पड़ी हैं, जबकि चालू दो लिफ्टों में भी आए दिन खराबी की शिकायतें मिल रही हैं। मल्टीनेशनल कंपनी की लिफ्ट होने के बावजूद मेंटेनेंस और इमरजेंसी बैकअप न होना प्रबंधन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। करेंसी टॉवर में जॉनसन लिफ्ट एंड एस्केलेटर्स की लिफ्ट लगी हैं। 11 देशों में विस्तार और 3000 करोड़ का टर्नओवर रखने वाली इस नामचीन कंपनी की लिफ्टों का लगातार फेल होना मेंटेनेंस की गुणवत्ता पर बड़ा सवालिया निशान है।