शाहजहांपुर में हाईस्कूल में 3 छात्रों ने किया जिला टॉप, 94.33% अंक; भूमि सिंह बोलीं—IAS बनना है सपना
महाराज सिंह शाहजहांपुर, संवाददाता।
यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा परिणाम में इस बार शाहजहांपुर जिले के तीन मेधावी छात्रों ने संयुक्त रूप से टॉप किया है। तीनों ने 94.33 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया। टॉप करने वालों में जलालाबाद के सेठ सियाराम इंटर कॉलेज की छात्रा भूमि सिंह, संजय कुमार सरस्वती इंटर कॉलेज के समीर भारद्वाज और जैतीपुर के महेंद्र पाल सिंह इंटर कॉलेज के छात्र सत्यदेव शामिल हैं।
जलालाबाद क्षेत्र के गुरगवां गांव निवासी भूमि सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया। उनके पिता तरुण प्रताप सिंह किसान हैं, जबकि मां सिम्मी सिंह गृहिणी हैं। चार भाई-बहनों में दूसरे स्थान पर आने वाली भूमि ने बताया कि वे नियमित रूप से करीब आठ घंटे पढ़ाई करती थीं, हालांकि यह पढ़ाई एक साथ नहीं बल्कि अलग-अलग समय में करती थीं।
भूमि ने कहा कि उन्होंने पूरी लगन और अनुशासन के साथ पढ़ाई की थी, इसलिए अच्छे अंकों की उम्मीद थी। परिणाम आने पर 94.33 प्रतिशत अंक देखकर उन्हें बेहद खुशी हुई। रिजल्ट घोषित होने के बाद उनके पिता भी स्कूल पहुंचे और बेटी को बधाई दी। स्कूल के शिक्षकों ने भी उनकी सफलता पर गर्व जताते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
भूमि सिंह का सपना बीटेक करने के बाद भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में जाना है। उनके पिता ने कहा कि बेटी जितना आगे पढ़ना चाहेगी, वे हर संभव सहयोग करेंगे।
वहीं, जैतीपुर क्षेत्र के बंडिया खुर्द निवासी सत्यदेव ने भी 94.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में टॉप किया है। उनके पिता राजकुमार किसान हैं और मां रिंकी गृहिणी हैं। दो भाइयों में सबसे छोटे सत्यदेव की चार बहनें भी हैं। उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य सिविल सेवा में जाकर देश की सेवा करना है।
जिले में तीन छात्रों की इस संयुक्त सफलता से स्कूलों और परिवारों में खुशी का माहौल है। शिक्षकों का कहना है कि यह परिणाम मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन का नतीजा है।