पुणे–वाराणसी के बीच नई ‘अमृत भारत एक्सप्रेस’ ट्रेन के परिचालन की मिली मंजूरी
नर्मदापुरम को मिली बनारस के लिए डायरेक्ट सुपरफास्ट ट्रेन
पुणे से वाराणसी के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। भारतीय रेलवे द्वारा पुणे–वाराणसी के बीच नई ‘अमृत भारत एक्सप्रेस’ ट्रेन के परिचालन की मंजूरी दे दी है।
इसका संचालन 24 अप्रैल 2026 से शुरू किया जा सकता है। इस ट्रेन के शुरू होने से हजारों यात्रियों को सीधी और सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध होगी।
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, यह ट्रेन 22589/22590 के रूप में प्रतिदिन पुणे के हड़पसर रेलवे स्टेशन से सुबह 07:50 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन दोपहर 14:50 बजे बनारस पहुंचेगी।
वापसी में यह ट्रेन प्रतिदिन शाम 18:15 बजे बनारस से रवाना होकर रात 00:10 बजे हड़पसर पुणे पहुंचेगी।
कुल यात्रा समय लगभग 28 घंटे 30 मिनट निर्धारित किया गया है।
मार्ग में यह ट्रेन दौंड कॉर्ड लाईन, अहिल्यानगर, कोपरगांव, मनमाड, जलगांव, भुसावल, खंडवा, हरदा, इटारसी, नर्मदापुरम, रानी कमलापति, बीना, झांसी, उरई, गोविंदपुरी, फतेहपुर, प्रयागराज, एवं ज्ञानपुर रोड सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
‘अमृत भारत एक्सप्रेस’ को आधुनिक सुविधाओं से लैस किफायती ट्रेन के रूप में विकसित किया गया है। इसमें स्लीपर एवं जनरल श्रेणी के कोच होंगे, जिनमें बेहतर कुशन सीटें, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, बायो-टॉयलेट तथा आधुनिक फिटिंग्स की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
ट्रेन में सेमी-परमानेंट कपलर तकनीक का उपयोग किया गया है, जिससे यात्रा के दौरान झटके कम महसूस होंगे और गति संचालन बेहतर रहेगा।
पुणे में बड़ी संख्या में उत्तर प्रदेश के लोग निवास करते हैं, जिससे त्योहारी एवं अवकाश के समय ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ रहती है। ऐसे में इस नई ट्रेन के संचालन से यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने में सहूलियत होगी और भीड़ का दबाव भी कम होने की उम्मीद है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, यह ट्रेन ‘आम आदमी की हाई-स्पीड ट्रेन’ के रूप में विकसित की गई है, जिसमें बेहतर सुविधाएं किफायती किराए पर उपलब्ध होंगी। इसकी बुकिंग शीघ्र ही IRCTC वेबसाइट एवं आरक्षण काउंटरों पर शुरू की जाएगी।