1 से 15 मई तक चलेगा स्वगणना अभियान, मोबाइल एप और डिजिटल पोर्टल से होगा डेटा का संकलन।
प्रतापगढ़ | जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय फील्ड प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण बुधवार को पूरा हो गया। कलेक्टर शुभम चौधरी के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में डेटा संकलन की प्रक्रिया, डिजिटल उपकरणों के उपयोग और फील्ड की चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने प्रशिक्षणार्थियों को जनगणना के महत्व और समयबद्धता की जानकारी दी। बताया गया कि फील्ड ट्रेनर्स को चार्ज स्तर पर प्रगणक और सुपरवाइजरों को सटीक जानकारी पहुंचानी होगी। जिले में 1 मई से 15 मई तक स्व गणना अभियान चलाया जाएगा, इसके लिए आमजन को प्रेरित करने के निर्देश दिए गए। उप जिला जनगणना अधिकारी अजय शंकर बैरवा ने बताया कि इस बार जनगणना के लिए डिजिटल पोर्टल और मोबाइल एप का उपयोग किया जाएगा। मास्टर ट्रेनर दीपक पंचोली और सीमा पाटीदार ने व्यवहारिक अभ्यासों के जरिए तकनीकी बारीकियों को समझाया।