मारपीट में अभियुक्त गिरफ़्तार
मांगलिक कार्यक्रम में मारपीट करने में वांछित अभियुक गिरफ्तार, डंडा-लोहे की पाइप समेत सामान आदि बरामद।
जायस पुलिस ने मांगलिक कार्यक्रम के दौरान हुई मारपीट के मामले में कार्रवाई करते हुए 8 वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर मारपीट में प्रयुक्त डंडा, फावड़े का बेट, लोहे की पाइप और बेस बैट भी बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी. के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। क्षेत्राधिकारी तिलोई दिनेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में 23 अप्रैल 2026 को थाना जायस पुलिस टीम तलाश वांछित, क्षेत्र भ्रमण और संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु व वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दोनों मुकदमों में वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 21 अप्रैल 2026 को एक मांगलिक कार्यक्रम के दौरान दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया था और दोनों पक्ष आपस में मारपीट पर उतर आए थे। इस मामले में थाना जायस में मु0अ0सं0 48/26 एवं मु0अ0सं0 49/26 के तहत धारा 109, 352, 351(1) व 351(3) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पहले मुकदमे में धर्मराज (58), दीपक (29), बिन्द्रा प्रसाद (38) और अतुल कुमार सोनकर (20) को गिरफ्तार किया गया। वहीं दूसरे मुकदमे में शीतला प्रसाद (50), श्रीनाथ (40), जगप्रसाद (20) और चन्द्रकेश (19) को पुलिस ने दबोचा।
गिरफ्तार सभी अभियुक्त पूरे भैया कस्बा और मोहल्ला कंचाना, थाना जायस क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने बताया कि अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा, फावड़े का बेट, लोहे की पाइप और बेस बैट बरामद किया गया है। सभी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
थानाध्यक्ष जायस उ0नि0 अमरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में उ0नि0 सतीश कुमार दीक्षित, कांस्टेबल कमल दीक्षित, हरेन्द्र यादव और सर्वेश यादव की टीम ने गिरफ्तारी की कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों में धर्मराज, दीपक, बिन्द्रा प्रसाद, शीतला प्रसाद और श्रीनाथ के खिलाफ पूर्व से भी विभिन्न धाराओं में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें मारपीट, धमकी और शांति भंग से जुड़े मामले शामिल हैं।