कलेक्टर ने किया भटगांव PHC का निरीक्षण, सुविधाओं की ली जानकारी।
रिपोर्ट- सुनील कुमार पुरैना
भटगांव- नगर पंचायत भटगांव स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत जानी। इस दौरान उन्होंने मरीजों को मिल रही सुविधाओं, प्रसूति वार्ड की स्थिति और दवाओं की उपलब्धता का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के विस्तार को भी लेकर जायजा लिया।
निरीक्षण में स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर, नर्स और अन्य स्टाफ की कमी सामने आई, साथ ही स्टाफ क्वार्टर की जरूरत भी बताई गई। कलेक्टर ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र के विस्तार के लिए डीएमएफ फंड से 25 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं और जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर काम शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नया जिला होने के कारण स्टाफ की कमी है, लेकिन एनएचएम के तहत भर्ती प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और जल्द ही स्थिति सुधरेगी। कलेक्टर ने यह भी जानकारी दी कि यहां हर महीने करीब 15 से 16 प्रसव कराए जा रहे हैं, ऐसे में सुविधाओं का विस्तार जरूरी है।
निरीक्षण के दौरान जिला स्वास्थ्य अधिकारी सहित स्वास्थ्य केंद्र का स्टाफ मौजूद रहा। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।