रीवा मिर्जापुर नेशनल हाईवे के डायमंडगंज घाट में बुधवार रात हुए भीषण सड़क हादसे ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया
रीवा मिर्जापुर नेशनल हाईवे के डायमंडगंज घाट में बुधवार रात हुए भीषण सड़क हादसे ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया। मिर्जापुर-रीवा नेशनल हाईवे पर रात करीब 9:30 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक के ब्रेक फेल होने से यह दर्दनाक हादसा हुआ। बेकाबू ट्रक ने पहले बोलेरो और स्विफ्ट कार को टक्कर मारी, जिसके बाद दोनों गाड़ियां आगे चल रहे ट्रॉले से जा भिड़ीं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो उछलकर अलग जा गिरी और उसमें आग लग गई। कुछ ही पलों में आग ने पूरी गाड़ी को घेर लिया और उसमें सवार 9 लोग जिंदा जल गए।
बताया जा रहा है कि बोलेरो में सवार लोग एक ही परिवार के थे और मैहर से एक बच्चे का मुंडन कराकर लौट रहे थे। वही स्विफ्ट सवार दो लोग किसी काम से मिर्जापुर की तरफ जा रहे थे।
हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई, आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन आग इतनी भयानक थी कि कोई पास नहीं जा सका। करीब ढाई घंटे बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था।
इस हादसे में स्विफ्ट कार के ड्राइवर और ट्रॉले के क्लीनर की भी मौत हो गई, जिससे कुल मृतकों की संख्या 11 हो गई। शव इस कदर जल चुके थे कि उनकी पहचान करना भी मुश्किल हो गया। पुलिस और राहत टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे में जान गंवाने वालों के नाम इस प्रकार हैं:
1. प्रियंका सिंह (42 वर्ष), पत्नी कमलेश सिंह, निवासी सतना
2. कार्तिकेय सिंह (18–19 वर्ष), पुत्र कमलेश सिंह, निवासी सतना
3. पियूष सिंह (14–15 वर्ष), पुत्र प्रदीप कुमार, निवासी जिगना
4. पंकज सिंह (40 वर्ष), पुत्र स्व. रामचंद्र सिंह, निवासी जिगना
5. बीना सिंह (47 वर्ष), पत्नी प्रदीप सिंह, निवासी जिगना
6. वंदना सिंह (43 वर्ष), पत्नी अरुण सिंह, निवासी जिगना
7. शिवा सिंह (48 वर्ष), पुत्र अरुण सिंह, निवासी जिगना
8. सोनम सिंह (19 वर्ष), पुत्री प्रदीप कुमार, निवासी जिगना
9. विष्णु सिंह (45 वर्ष), पुत्र ठिनकू सिंह, निवासी रामपुर
10. विकास शर्मा (32 वर्ष), पुत्र ओमकार शर्मा, निवासी सागर (मध्य प्रदेश)
11. जय प्रकाश (28 वर्ष), पुत्र मुन्नर, निवासी भटियागांव
यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि कई परिवारों की दुनिया उजाड़ देने वाला दर्द है। अब सवाल यह है कि आखिर ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सड़कों पर सुरक्षा और व्यवस्था कब तक मजबूत होगी?