सावधान: पलामू उपायुक्त के नाम से बनाया गया फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट, अधिकारियों से मांगे जा रहे पैसे
पलामू: जिले में साइबर ठगों का दुस्साहस बढ़ गया है। अब साइबर अपराधियों ने सीधे जिले के उपायुक्त (DC) के नाम और तस्वीर का दुरुपयोग कर ठगी की कोशिश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, किसी अज्ञात ठग द्वारा उपायुक्त, पलामू के नाम से एक फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाया गया है।
अधिकारियों को बनाया जा रहा निशाना
इस फर्जी प्रोफाइल के जरिए साइबर अपराधी जिले के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO), अंचल अधिकारी (CO) और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों को संदेश भेजकर पैसों की मांग कर रहे हैं। प्रशासन को जैसे ही इसकी भनक लगी, तुरंत सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं।
प्रशासन की अपील: न दें जानकारी, न करें पैसा ट्रांसफर
पलामू प्रशासन ने जिले के सभी अधिकारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी संदिग्ध संदेश या कॉल के झांसे में न आएं। स्पष्ट किया गया है कि उपायुक्त या किसी भी वरिष्ठ कार्यालय द्वारा इस तरह सोशल मीडिया पर पैसों की मांग नहीं की जाती है।
सतर्क रहने के लिए जारी किए गए ये निर्देश:
भरोसा न करें: DC पलामू के नाम से आने वाले किसी भी संदिग्ध मैसेज पर बिना पुष्टि के विश्वास न करें।
लेनदेन से बचें: किसी भी परिस्थिति में अनजान व्यक्ति को पैसे ट्रांसफर न करें और न ही अपनी निजी या बैंकिंग जानकारी साझा करें।
तुरंत दें सूचना: यदि आपको ऐसा कोई मैसेज प्राप्त होता है, तो तुरंत उसका स्क्रीनशॉट लें और अपने वरीय पदाधिकारी या नजदीकी थाना को सूचित करें।
हेल्पलाइन का लें सहारा: साइबर ठगी की शिकायत के लिए तत्काल भारत सरकार के हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें।
प्रशासन ने सख्त लहजे में कहा है कि 'सावधानी ही सुरक्षा है'। लोग सतर्क रहें ताकि इन साइबर अपराधियों के मंसूबों को नाकाम किया जा सके।