30 साल पुरानी पानी टंकी बनी खतरा, साफ-सफाई का भी अभाव
निवास (मंडला)। तहसील निवास के अंतर्गत देवरीकला बबलिया गांव में स्थित पानी की टंकी, जिसका निर्माण लगभग 30 वर्ष पूर्व किया गया था, अब जर्जर हालत में पहुंच चुकी है। निर्माण एजेंसी द्वारा इसकी आयु 20 वर्ष निर्धारित की गई थी, लेकिन समय सीमा पूरी होने के बाद भी इसका उपयोग लगातार किया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, टंकी में जगह-जगह दरारें पड़ गई हैं और प्लास्टर उखड़ने लगा है। इसके साथ ही टंकी की नियमित साफ-सफाई नहीं होने से पानी की गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि टंकी के अंदर गंदगी जमा हो रही है, जिससे दूषित पानी सप्लाई होने की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार संबंधित विभाग को सूचना देने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। टंकी की जर्जर स्थिति और साफ-सफाई के अभाव के चलते कभी भी गंभीर हादसा होने का खतरा बना हुआ है।
गांववासियों ने प्रशासन से मांग की है कि टंकी की तत्काल जांच कराकर आवश्यक मरम्मत कराई जाए या नई टंकी का निर्माण कराया जाए, साथ ही नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल मिल सके।